सिलीगुड़ी. रविवार को कावाखाली में एक सरकारी कार्यक्रम के दौरान स्थानीय न्यू टाउनशीप इलाके की ग्रामीण महिलाओं ने गंदे पानी की बोतलें लेकर उत्तर बंगाल विकास मंत्री गौतम देव का घेराव किया और विरोध प्रदर्शन किया. प्रदर्शनकारी महिलाओं का तेवर देख मंत्री भी आगबबूला हो उठे और भड़कते हुए पहले उनसे कोई बात नहीं करनी […]
सिलीगुड़ी. रविवार को कावाखाली में एक सरकारी कार्यक्रम के दौरान स्थानीय न्यू टाउनशीप इलाके की ग्रामीण महिलाओं ने गंदे पानी की बोतलें लेकर उत्तर बंगाल विकास मंत्री गौतम देव का घेराव किया और विरोध प्रदर्शन किया. प्रदर्शनकारी महिलाओं का तेवर देख मंत्री भी आगबबूला हो उठे और भड़कते हुए पहले उनसे कोई बात नहीं करनी चाही, लेकिन बाद में वक्त की नजाकत को समझते हुए उन्होंने प्रदर्शनकारी महिलाओं की अगुवायी कर रही श्यामली पाल व झुनु हलदार से बातचीत की.
उन्होंने दोनों को दो फरवरी को उनके उत्तर बंगाल विकास मंत्रालय ‘विवेकानंद भवन’ स्थित दफ्तर में तीन बजे मुलाकात कर सभी समस्याएं लिखित रूप से देने को कहा और जल्द समस्या निदान करने का आश्वासन दिया. श्यामली पाल ने मीडिया को बताया कि इस टाउनशीप में सरकार ने ही हम हजारों ग्रामीणों को नौ वर्ष पहले बसाया.
लेकिन पीने के पानी की समस्या का आजतक समाधान नहीं हुआ. हम कई बार पंचायत प्रधान, महकमा परिषद व विधायक-मंत्री से गुजारिश कर चुके, लेकिन कोई फायदा नहीं हुआ. बाध्य होकर आज मंत्री को अपने सामने पाकर ग्रामीण महिलाएं उत्तेजित हो उठीं.