ममता राज में सिलीगुड़ी का चहुंमुखी विकास : गौतम

सिलीगुड़ी: ममता राज में पूरे बंगाल के साथ-साथ सिलीगुड़ी का जो विकास हुआ है, इससे पहले कभी नहीं हुआ. शहर का चहुंमुखी विकास करने की ममता की योजना है. इसके लिए सिलीगुड़ी के लिए एक मास्टर प्लान बनाया जा रहा है. यह कहना है उत्तर बंगाल विकास मंत्री गौतम देव का. वह शुक्रवार को माटीगाड़ा […]

सिलीगुड़ी: ममता राज में पूरे बंगाल के साथ-साथ सिलीगुड़ी का जो विकास हुआ है, इससे पहले कभी नहीं हुआ. शहर का चहुंमुखी विकास करने की ममता की योजना है. इसके लिए सिलीगुड़ी के लिए एक मास्टर प्लान बनाया जा रहा है. यह कहना है उत्तर बंगाल विकास मंत्री गौतम देव का. वह शुक्रवार को माटीगाड़ा के खपड़ैल स्थित एक होटल में उत्तर बंगाल विकास मंत्रालय (एनबीडीडी) व औद्योगिक संगठन ‘सीआइआइ’ के संयुक्त बैनर तले आयोजित ‘सिलीगुड़ी के लिए एक समग्र परिवहन योजना’ विषयक सेमिनार के शुभारंभ समारोह को संबोधित कर रहे थे.
श्री देव ने कहा कि शहर को जाम मुक्त करने व सुगम यातायात के लिए और फ्लाइओवर एवं वैकल्पिक सड़कों का निर्माण किया जायेगा. उन्होंने पिछली वाम सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि उस समय सिलीगुड़ी जिस तरह द्रुत गति से कस्बे से शहर में तब्दील हुआ, उस तरह से शहर को विकसित नहीं किया गया. बगैर मास्टर प्लान के ही शहर का खाका तैयार किया गया.
एक अज्ञात शक्ति सिलीगुड़ी के विकास में डाल रही रोड़ा
गौतम देव ने सेमिनार के दौरान किसी राजनेता व राजनैतिक पार्टी का नाम लिए बगैर कहा कि एक अज्ञात शक्ति सिलीगुड़ी के विकास की रफ्तार में रोड़ा डाल रही है. श्री देव ने कहा कि राज्य सरकार एनबीडीडी व सिलीगुड़ी-जलपाईगुड़ी विकास प्राधिकरण (एसजेडीए) के मार्फत फिलहाल 30-40 विभिन्न विकास परियोजनाएं निगम क्षेत्र में चला रही है और भी परियोजनाओं को क्रियान्वित किया जाना बाकी है, लेकिन वर्तमान निगम बोर्ड अड़चनें डाल रहा है.
मंत्री ने शहर के मेयर की ली चुटकी
मंत्री गौतम देव ने गुरुवार को एक सरकारी कार्यक्रम के दौरान पिछले दिनों हवाई यात्रा में अशोक से हुई मुलाकात को लेकर चुटकी ली. उन्होंने कहा कि इस मुलाकात के दौरान मेयर साहब ने मुझसे ऑपरेशन (बाइपास सर्जरी) के बाबत हालचाल लिया और इतनी हवाई यात्रा न करने एवं आराम करने की सलाह दी. लेकिन श्री देव ने पलट जवाब देते हुए कहा कि हम वामपंथियों की सरकार के नहीं, बल्कि मां-माटी-मानुष की सरकार के नेता-मंत्री हैं, जो आराम नहीं बल्कि जनता के लिए काम व सेवा करते हैं.
मेयर ने किया पलटवार
सिलीगुड़ी नगर निगम के मेयर अशोक भट्टाचार्य ने भी मंत्री पर पलटवार करते हुए कहा कि हवाई यात्रा के दौरान कुशल-मंगल जानने के बाद गौतम देव ने भी उन्हें बार-बार कोलकाता न जाने और केवल सिलीगुड़ी निगम संभालने की हिदायत दी थी. श्री भट्टाचार्य ने भी पलटवार किया और कहा कि निगम की जनता के विकास के लिए वह कोलकाता-दिल्ली की यात्रा एक बार नहीं, बल्कि बार-बार करेंगे. साथ ही निगम का बकाया करोड़ों रुपये राज्य सरकार से लेकर ही आयेंगे. इस पर श्री देव ने कहा कि विधानसभा चुनाव से पहले कोई रुपया सिलीगुड़ी निगम को राज्य सरकार से नहीं मिलेगा.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।

Read More

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >