– मुआवजे की घोषणा, घायल वनकर्मियों से भी की मुलाकात
सिलीगुड़ी : सिलीगुड़ी शहर से सटे जलपाईगुड़ी जिले के बैकुंठपुर, राजगंज, आमबाड़ी इलाके में गत शुक्रवार को एक जंगली हाथी जमकर तांडव किया था. हाथी ने आमबाड़ी के रहनेवाले नरेन राय नामक एक चाय श्रमिक को कुचलकर मार डाला था.
वन मंत्री विनय कृष्ण वर्मन ने शनिवार को मृतक नरेन राय के परिजनों से मुलाकात की. वह राजगंज के विधायक खगेश्वर राय को लेकर मृतक के ढालगंज स्थित घर गये और परिवार वालों को ढांढस बंधाया. उन्होंने तात्कालिक सहायता के तौर पर मृतक के परिजनों को पांच हजार रुपये भी दिये.
इसके साथ ही उन्होंने मुआवजे की भी घोषणा की है. वन मंत्री ने कहा है कि मृतक के परिजनों को वन विभाग की ओर से मुआवजे के तौर पर ढाई लाख रुपये दिये जायेंगे. इससे पहले किसी जंगली जानवर के हमले में मारे गये व्यक्ति के परिवार को एक लाख रुपये मुआवजा देने का प्रावधान था. वन मंत्री ने कहा कि मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने इस मुआवजा राशि को एक लाख रुपये से बढ़ाकर ढाई लाख रुपये कर दिया है. इसी के तहत परिजनों को ढाई लाख रुपये दिये जायेंगे.
उन्होंने वन विभाग के अधिकारियों को इस दिशा में सभी औपचारिकताएं तत्काल पूरा करने का भी निर्देश दिया. उनके साथ वन विभाग के कई अधिकारी उपस्थित थे. मृतक के परिजनों ने परिवार के एक व्यक्ति को सरकारी नौकरी देने की मांग मंत्री से की. इस बारे में मंत्री ने सकारात्मक पहल करने का आश्वासन परिजनों को दिया.
उन्होंने कहा कि वह इस मामले को लेकर राज्य सरकार से बातचीत करेंगे. इसके बाद वन मंत्री सिलीगुड़ी आ गये. यहां के एक निजी अस्पताल में भरती वन विभाग के कर्मचारियों से भी उन्होंने मुलाकात की. हाथी के तांडव में वन विभाग के चार कर्मचारी घायल हो गये थे.
इनमें से तीन की चिकित्सा सिलीगुड़ी के एक निजी अस्पताल में चल रही है.यहां उल्लेखनीय है कि बैकुंठपुर, राजगंज, गदयागच्छ, आमबाड़ी, कुंदलतुही इलाके में एक पूर्ण वयस्क हाथी ने तकरीबन पांच घंटे जमकर तांडव मचाया था. लोगों की भीड़ ने हाथी को बौखलाने के लिए मजबूर किया. लोगों के पागलपन से बौखलाए हाथी ने जान-माल का भारी नुकसान किया. दर्जनों घर-दुकान तहस-नहस कर दिया था.
लाखों की संपत्ती उजाड़ दी. गुस्साये हाथी ने एक चाय श्रमिक को पैरों तले रौंद डाला. आमबाड़ी के ढालगंज निवासी व पेशे से चाय श्रमिक नरेन राय ने मौके पर ही दम तोड़ दिया. विदित हो कि बुधवार को भी सिलीगुड़ी के रिहायशी इलाके में हाथी के चिंघाड़ ने लोगों की नींद उड़ा दी थी. हाथियों के झुंड से बिछुड़ कर यह हाथी जंगल से शहर में निकल आया था.
बैकुंठपुर फॉरेस्ट डिवीजन के फाफड़ी जंगल से शहर में निकले हाथी ने करीब नौ घंटे तक तांडव मचाया था. हाथी को सबसे पहले भक्तिनगर थाना क्षेत्र के इस्टर्न बायपास के नरेश मोड़, चयनपाड़ा इलाके में देखा गया. इसके बाद वह एकटियासाल बाजार होते हुए शहर के 40 नंबर वार्ड के हैदरपाड़ा, अशरफनगर, अंचल मोड़ इस्कॉन मंदिर रोड होते हुए सुबह 10 बजे सेवक रोड चला आया था.
