विरोध. डिजिटल राशन कार्ड में गड़बड़ी का मामला गरमाया
खाद्य मंत्री का मांगा इस्तीफा
आधे घंटे तक यातायात प्रभावित
सिलीगुड़ी : डिजिटल राशन कार्ड में गड़बड़ी का मामला बुधवार को सिलीगुड़ी में गरम हो गया. इसको लेकर कांग्रेस ने सिलीगुड़ी के वेनस मोड़ पर सड़क जाम कर दिया. इस दौरान करीब आधा घंटा तक इस रोड पर वाहनों की आवाजाही ठप्प हो गई. यातायात पर भी इसका भारी असर पड़ा.
दिन के करीब साढ़े बारह बजे कांग्रेस के श्रमिक संगठन, इंटक के जिला अध्यक्ष संपा दास के नेतृत्व में काफी संख्या में कांग्रेस समर्थक वेनस मोड़ पहुंचे और सड़क को जाम कर दिया. इस दौरान सिलीगुड़ी नगर निगम में वार्ड नंबर सात के पार्षद पिंटू घोष भी उपस्थित थे. संवाददाताओं से बातचीत करते हुए इन लोगों ने कहा कि डिजिटल राशन कार्ड बनाने की प्रक्रिया में बड़े पैमाने पर गड़बड़ी हुई है. इसकी वजह से आम लोग परेशान हैं.
इन लोगों ने इस मामले में घोटाले का आरोप लगाते हुए उच्च स्तरीय जांच की भी मांग की. संपा दास ने राज्य के खाद्य मंत्री ज्योतिप्रिय मल्लिक के इस्तीफे की मांग भी की. श्री दास ने कहा कि जब से डिजिटल राशन कार्ड की शुरूआत हुई है, तब से आम लोगों को राशन मिलना बंद हो गया है. खासकर बीपीएल कार्डधारी काफी परेशान हैं.
उन्हें राशन में आटा एवं चावल नहीं दिया जा रहा है. इसके अलावा राशन डीलर ग्राहकों को परेशान करते हैं. श्री दास ने कार्डधारकों की सूची से कई लोगों का नाम काट देने का भी आरोप लगाया. उन्होंने कहा कि लाभार्थियों की सूची सही तरीके से नहीं बनायी गई. भारी संख्या में गरीब लोग राशन पाने से वंचित हो रहे हैं. यहां उल्लेखनीय है कि राशन कार्ड में गड़बड़ी का मामला सिलीगुड़ी में एक प्रमुख मुद्दा बन गया है. कार्ड विवाद की वजह से आम लोगों को राशन मिलना बंद है. तकनीकी वजह से यह गड़बड़ी हो रही है.
कई लोगों का आरोप है कि खाद्य सुरक्षा कानून के तहत सूची ही गलत बनायी गई है. उत्तर बंगाल विकास मंत्री गौतम देव ने इस मुद्दे को लेकर मंगलवार को राशन डीलरों के साथ एक बैठक भी की. इससे पहले वह खाद्य नियंत्रकों को लेकर भी एक बैठक कर चुके हैं. इसके अलावा 25 से 27 फरवरी को भी उत्तरकन्या में एक बैठक की जायेगी. इस बैठक में खाद्य मंत्री ज्योतिप्रिय मल्लिक भी उपस्थित रहेंगे.
