जलपाइगुड़ी: डुवार्स के चाय बागानों में श्रमिकों की मौत का सिलसिला जारी है़ बुधवार को तीन और चाय श्रमिक की मौत हो गयी़ यह घटना बंद पड़े बागराकोट एवं तुरतुरी चाय बागान में घटी है़ मृतक का नाम चंद्र शेख बताया गया है़.
चाय बागान के बड़ा लाइन स्थित घर में उसकी मौत हो गयी़ वह काफी दिनों से बीमार था़ परिवार वालों ने चिकित्सा नहीं होने की वजह से मौत होने का आरोप लगाया है़ परिवार के लोगों का कहना है कि गरीबी की वजह से वह लोग उसकी चिकित्सा नहीं करा सके और आखिरकार उसने बगैर इलाज के दम तोड़ दिया़ परिवार वालों ने कहा कि डॉक्टर सिलीगुड़ी अथवा माल बाजार ले जाकर चिकित्सा की सलाह दे रहे थे़ जब घर में खाने के लिए अन्न का एक दाना तक ना हो तो ऐसे में भला वह चिकित्सा कहां से करा पाते़ यह चाय बागान डंकन्स ग्रुप का है़ इस चाय बागान में भूख और बीमारी की वजह से अबतक कइ चाय श्रमिकों की मौत हो चुकी है़.
इस बीच आज ही अलीपुरद्वार के बंद तुरतुरी चाय बागान में भी दो श्रमिकों की मौत हो गयी है़ कपिल बराइक (46) नामक चाय श्रमिक की मौत डायरिया से हो गयी़ वह बीमार था और इलाज नहीं होने की वजह से उसकी मौत हो गयी़ वह यहां का स्थायी श्रमिक था़ दूसरी ओर इसी चाय बागान के एक अस्थायी श्रमिक अनुप भुइयां (44) की भी मौत हो गयी़ आरोप है कि उसकी भी मौत बगैर इलाज के हुयी है़
