सिलीगुड़ी: सिलीगुड़ी के पौश इलाकों में जिस्मफरोशी का धंधा धड़ल्ले से चल रहा है. पुलिस द्वारा बार-बार धड़-पकड़ अभियान चलाये जाने के बावूजद यह गोरख धंधा रूकने का नाम नहीं ले रहा. रविवार की रात को भी प्रधाननगर पुलिस ने मुहिम चलाकर इस गोरख धंधे का खुलासा किया है. एक खुफिया सूचना के आधार पर पुलिस ने एसएनटी बस टर्मिनस के पास रिद्धि-सिद्धि अपार्टमेंट के एक फ्लैट में छापा मार कर गिरोह के मुख्य सरगना समेत तीन युवती व एक युवक को आपत्तिजनक स्थिति में धर दबोचा. पुलिस सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, गिरफ्तार किये गए दोनों युवकों का नाम आकाश साहा व सुकुमार दास हैं.
दोनों सिलीगुड़ी का ही रहनेवाला है. इनमें आकाश गिरोह का मुख्य सरगना है. वह फ्लैट किराये पर लेकर काफी दिनों से जिस्मफरोशी के धंधे को अंजाम दे रहा था. वहीं, पुलिस के हत्थे चढ़ी तीनों युवतियां दक्षिण बंगाल की रहनेवाली बतायी जा रही हैं. प्रधाननगर पुलिस ने गिरफ्तार सभी युवक-युवतियों को सोमवार को सिलीगुड़ी जिला अदालत में पेश किया, जहां न्यायाधीश ने दोनों युवकों की जमानत याचिका खारिज कर गहन पूछताछ के लिए पुलिस रिमांड भेज दिया और तीनों युवतियों को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया. दूसरी ओर, पुलिस की इस छापामारी के बाद अपार्टमेंट में रह रहे अन्य लोगों ने राहत की सांस ली है. लोगों का कहना है कि काफी दिनों से इस फ्लैट में यह गोरखधंधा चल रहा था.
दिन हो या रात सब समय यहां नये-नये युवक-युवतियों का आना-जाना लगा रहता था. वहीं, कुछ दिनों पहले ही माटीगाड़ा थाना की पुलिस ने सिटी सेंटर शॉपिंग मॉल के क्लाउड-9 नामक स्पा, मसाज यूनीसैक्स सेलून में छापा मारकर चार युवती समेत मालिक व एक ग्राहक को रंगेहाथ गिरफ्तार किया था. इससे पहले कुछ ही महीने पहले प्रधाननगर की पुलिस ने एसएनटी बस टर्मिनस के पीछे साईं रोड स्थित लक्ष्मी लॉज एवं सिलीगुड़ी थाना की पुलिस ने एसएफ रोड स्थित एक अन्य लॉज से भी युवक-युवतियों को गिरफ्तार किया था.
