जलपाईगुड़ी. मुख्यमंत्री की सुरक्षा की जिम्मेदारी निभाकर वापस लौटी एक महिला पुलिसकर्मी ने आत्महत्या कर ली है़ उसने अपने शरीर में आग लगा कर आत्महत्या कर ली. यह घटना जलपाईगुड़ी शहर के पांडापाड़ा में रविवार की देर रात को हुई. पुलिस सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, मृत महिला पुलिस कर्मी मुक्ती राय(34) जलपाईगुड़ी के कोतवाली थाने में कार्यरत थी. इस घटना के बाद इलाके में काफी सनसनी फैली है. मृत महिला पुलिस कर्मी के परिवार का कहना है कि घटना किसी मानसिक गड़बड़ी की वजह से हुई है. पुलिस मामले की जांच में जुट गयी है.
मृतका के परिजन परेश वर्मन ने बताया कि मुख्यमंत्री के पहाड़ सफर के दौरान वह दार्जिलिंग में थी़ बीमार हो जाने की वजह से वह रविवार को ही पहाड़ से जलपाईगुड़ी अपने घर पहुंच गयी थी. रविवार की रात खाना खा कर स्वाभिवक रूप से अपने कमरे में सोने चली गयी. रात के करीब ढाई बजे धुएं की वजह से उसके पति कंकन राय व अन्य घरवालों की नींद खुली.
इसके बाद घर के बाथरूम से जली हुई अवस्था में उसे देखकर घरवाले दंग रह गये. इसके बाद आनन-फानन में ज जलपाईगुड़ी अस्पताल लाया गया़ यहां चिकित्सकों ने मृत करार दिया. पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिये भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है.
