कल 25 हजार साइकिलों का वितरण, सबुजसाथी रैली का भी होगा आयोजन, कार्यक्रम की तैयारियां जोरों पर
सिलीगुड़ी : बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के तर्ज पर राज्य की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी भी साइकिलों के माध्यम से एक बार फिर अपनी चुनावी नैया पार लगाना चाहती है़ उल्लेखनीय है कि बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने भी सत्ता में आने के बाद पंचम श्रेणी से दशम श्रेणी के प्रत्येक छात्राओं को साइकिल मुहैया करायी थी. राजनीतिक विश्लेषकों के अनुसार नीतीश कुमार की लोकप्रियता को बढ़ावा देने में साइकिलों ने एक अहम भूमिका निभाइ है.
इसी तरह से ममता बनर्जी भी राज्य में सभी विद्यार्थियों को साइकिल प्रदान कर रही है़ इसी क्रम में 25 जनवरी को सबुजसाथी योजना के तहत सिलीगुड़ी निगर निगम एवं सिलीगुड़ी महकमा परिषद इलाके में 25 हजार साइकिलों को वितरण होगा़ राज्य की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी की मौजूदगी में उच्च माध्यमिक के 25 हजार छात्र-छात्राओं को साइकिल दिये जायेंगे.यह कार्यक्रम 21 जनवरी को ही होना था लेकिन मुख्यमंत्री की ब्यस्तता की वजह से अब यह कार्यक्रम 25 को होगा. प्रशासनिक सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक सिलीगुड़ी नगर निगम इलाके में दस हजार एवं सिलीगुड़ी महकमा परिषद इलाके में 15 हजार छात्र-छात्राओं को साइकिल दिया जाना है. साइकिल वितरण के लिये सिलीगुड़ी नगर निगम को दो भागों में बांटा गया है.
महानंदा नदी से इस पार वाले इलाके के विद्यार्थियों को चंपासारी स्थित श्री गुरू विद्यामंदिर विद्यालय प्रांगण से एवं महानंदा नदी के उस पार वाले इलाके के विद्यार्थियों को बागराकोट गोदाम से साइकिल प्रदान किया जायेगा. सिलीगुड़ी के चंपासारी स्थित श्री गुरू विद्यामंदिर के मैदान में 5 हजार एवं बागराकोट गोदाम में पांच हजार साइकिलों को रख भी दिया गया है.
इसके अलावा सिलीगुड़ी महकमा परिषद इलाके के विद्यार्थियों को विद्यालय से ही साइकिलें दी जायेगी़ 25 जनवरी की सुबह श्री गुरू विद्यामंदिर प्रागंण में विद्यार्थियों को साइकिल प्रदान के बाद चंपासारी मोड़ से एक सबुजसाथी साइकिल रैली को मुख्यमंत्री झंडी दिखाकर रवाना करेंगी़ यह रैली सिलीगुड़ी शहर के बीच से होते हुये कंचनजंघा स्टेडियम में समाप्त होगी.
राज्य सरकार ने इस योजना के लिए एक साइकिल बनाने वाली कंपनी से सीधे साइकिलों की खरीद की है़ हांलाकि जिन-जिन इलाकों में साइकिलें बांटी गयी वहां के स्थानीय साइकिल डीलरों का कहना है कि उनसे साइकिल ली जाती तो उनकी भी कुछ कमाइ होती.
इनलोगों का आरोप है कि सबुजसाथी योजना के कारण साइकिलों की बिक्री काफी कम हो गयी है़ इसबीच,इस साइकिल वितरण और रैली कार्यक्रम की तैयारियों यहां जोरों से की जा रही है़ लेकर जिला प्रशासन कार्यक्रमों के आयोजन में ब्यस्त है. सुरक्षा के तगड़े इंतजामात किये जा रहे हैं.
