सिलीगुड़ी. ड्रग्स तथा नशे की लत बेहद खतरनाक है और एक बार इस लत के लगने के बाद इससे पीछा छुड़ाना काफी मुश्किल है. युवाओं को इस लत से दूर रहना चाहिए. यह बातें सेवक प्रयास फाउंडेशन के काउंसिलर पूर्वा योल्मो ने कही. वह सिलीगुड़ी ग्रेटर ऐंड ग्रेटर यूथ के सहयोग से ज्ञान ज्योति कॉलेज में आयोजित एक सेमिनार को संबोधित कर रहे थे.
उन्होंने कहा कि नशे की लत बेहद खतरनाक है और यह एक प्रकार की बीमारी है. एक बार किसी को लग जाये तो आसानी से छुटकारा मिलना मुश्किल है. उन्होंने कहा कि नशे का कारोबार तो दूर, नशे को अपने पास रखना भी एक दंडनीय अपराध है. ड्रग्स पकड़े जाने पर 10 वर्षों तक की सजा हो सकती है.
उन्होंने युवाओं से नशे की लत से दूर रहने की अपील की. इसके साथ ही उन्होंने इस दिशा में बड़े पैमाने पर जागरूकता अभियान चलाने पर बल दिया. इस अवसर पर सुमित सिंहल, अमित गोयल, सुभम गोयल, अनिरूद्ध माहेश्वरी, प्रतीक अग्रवाल आदि भी उपस्थित थे. इस सेमिनार को कॉलेज की इंगलिश विभाग की प्रोफेसर संपा बनर्जी ने भी संबोधित किया. कॉलेज की कल्चरल को-ऑर्डिनेटर चन्द्रयी भट्टाचार्य ने अतिथियों का स्वागत किया.
