अब बांग्लादेश से शुरू हुई मछलियों की तस्करी

जलपाईगुड़ी: अब बांग्लादेश से भारतीय सीमा क्षेत्र में मछलियों की तस्करी शुरू हो गई है. बांग्लादेश में सक्रिय तस्कर बड़े पैमाने पर टेंगरा, कवई तथा सोल आदि मछलियों को भारतीय बाजार में खपा रहे हैं. यहां तक कि शरीर के लिए हानिकारक बीग्रेड मछलियों को भी तस्करी के माध्यम से यहां भेजा जा रहा है. […]

जलपाईगुड़ी: अब बांग्लादेश से भारतीय सीमा क्षेत्र में मछलियों की तस्करी शुरू हो गई है. बांग्लादेश में सक्रिय तस्कर बड़े पैमाने पर टेंगरा, कवई तथा सोल आदि मछलियों को भारतीय बाजार में खपा रहे हैं. यहां तक कि शरीर के लिए हानिकारक बीग्रेड मछलियों को भी तस्करी के माध्यम से यहां भेजा जा रहा है. सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, जलपाईगुड़ी के स्टेशन तथा दिनबाजार स्थित मछली के आढ़त में बांग्लादेशी मछलियों की आपूर्ति की जा रही है. यहां छोटे-बड़े मछली व्यवसायी नीलामी में भाग लेते हैं और मछली खरीद कर अन्य स्थानों पर बिक्री के लिए ले जाते हैं.
जलपाईगुड़ी के मछली व्यवसायी हालांकि इस बात को दबाने की कोशिश में लग गये हैं, लेकिन जिला मत्स्य विभाग को इस गोरखधंधे की जानकारी है. पिछले कई महीनों से जलपाईगुड़ी शहर के दिनबाजार, स्टेशन बाजार, वेलखाना बाजार सहित अन्य स्थानों पर पीले रंग की मछलियों को बिकते देखा जा सकता है. माना जा रहा है कि यह सभी मछलियां बांग्लादेश से मंगायी गई हैं. इससे पहले जलपाईड़ी के विभिन्न मछली बाजार में पीले रंग की मछलियों को बिकते किसी ने नहीं देखा था. खासकर टेंगरा तथा सोल मछली की बिक्री यहां काफी अधिक हो रही है.

उल्लेखनीय है कि जलपाईगुड़ी सदर एवं राजगंज ब्लॉक का एक बड़ा इलाका बांग्लादेश से जुड़ा हुआ है. इसके साथ ही चावलहाटी, बेरूबाड़ी, कैपेरहाट, देवानगंज आदि इलाका भी भारत- बांग्लादेश सीमा पर स्थित है. बांग्लादेश के पंचगढ़ जिले के हाथीभाषा, ताकला, सिंगरोड तथा पानीहाट इलाके से मछलियों की आपूर्ति भारतीय सीमा क्षेत्र में की जा रही है. सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, बांग्लादेशी सीमा क्षेत्र के अंदर इन इलाकों में कई तालाब हैं. इन तालाबों के माध्यम से बड़े पैमाने पर मछली पालन का काम होता है. बांग्लादेशी बाजार में मांग कम होने के कारण तस्करी के जरिये मछलियों को भारतीय सीमा क्षेत्र में भेजा जा रहा है. सूत्रों ने बताया कि खासकर यमुना, पांगा, तालमा, करतुआ नदी पर बने पुल के नीचे से बांग्लादेशी तस्कर मछलियों के साथ भारतीय सीमा क्षेत्र में प्रवेश कर रहे हैं. सूत्रों ने आगे बताया कि बांग्लादेश से आयी मछलियों की कीमत भारतीय सीमा क्षेत्र में अधिक है.

इसके अलावा यहां इन मछलियों की मांग भी अधिक है. इसी वजह से बांग्लादेश के कई तस्कर अब मछली के तस्करी में लग गये हैं. बांग्लादेशी तस्कर भारतीय सीमा क्षेत्र में मौजूद अपने एजेंटों को मछली देते हैं. तीन सौ रुपये से 350 रुपये प्रति किलो के दर पर मछलियों की आपूर्ति कर दी जाती है. बाद में इन्हीं मछलियों की नीलामी 400 से 500 रुपये प्रति किलो की दर से की जाती है. खुचरा बाजार में बांग्लादेशी मछलियों की कीमत 130 से 150 रुपये पाव है. सिर्फ जलपाईगुड़ी ही नहीं, बांग्लादेशी मछलियों की आपूर्ति सिलीगुड़ी के भी विभिन्न मछली बाजार में किये जाने की खबर है.


इस मामले में स्टेशन बाजार व्यवसायी समिति के पूर्व उपाध्यक्ष सुभाष दास का कहना है कि आम तौर पर सभी प्रकार के नदियारी मछलियों की नीलामी होती है और उसके बाद ही विभिन्न खुदरा व्यवसायी खुले बाजार में मछलियों की बिक्री करते हैं. उन्होंने बांग्लादेश से तस्करी के माध्यम से आयी मछलियों की नीलामी की बात से इंकार कर दिया है. उन्होंने यह भी कहा है कि इस तरह की जानकारी उनके पास नहीं है. फिर भी वह इसकी जानकारी हासिल करेंगे. जलपाईगुड़ी फिस होलसेल मर्चेन्ट्स एसोसिएशन के संयुक्त सचिव देबू चौधरी ने भी ऐसी जानकारी से इंकार किया है. इस बीच, जिले के सहायक मत्स्य अधिकारी किरण लाल दास का कहना है कि सीमा पार से तस्करी के जरिये मछली आने की खबर उन्होंने भी सुनी है. खासकर बड़े पैमाने पर टेंगरा, कवई तथा सोल मछलियों की तस्करी हो रही है. सबसे चिंता की बात यह है कि स्वास्थ्य के लिए खतरनाक बीग्रेडकार्प मछलियों की बिक्री भी धड़ल्ले से हो रही है. वह भी इस मामले को देख रहे हैं.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।

Read More

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >