चाय श्रमिकों की मौत पर सीटू में उबाल

– एसडीओ कार्यालय अभियान में सैकड़ों लोग हुए शामिल – बंद बागानों को यथाशीघ्र खुलवाने की मांग सिलीगुड़ी. डुवार्स के बंद तथा बदहाल चाय बागानों में एक-पर-एक श्रमिकों की मौत की घटना के बाद हर ओर से आंदोलन जारी है. इसी क्रम में सोमवार को सीटू ने एसडीओ कार्यालय अभियान चलाया. सैकड़ों सीटू समर्थक मल्लागुड़ी […]

– एसडीओ कार्यालय अभियान में सैकड़ों लोग हुए शामिल
– बंद बागानों को यथाशीघ्र खुलवाने की मांग
सिलीगुड़ी. डुवार्स के बंद तथा बदहाल चाय बागानों में एक-पर-एक श्रमिकों की मौत की घटना के बाद हर ओर से आंदोलन जारी है. इसी क्रम में सोमवार को सीटू ने एसडीओ कार्यालय अभियान चलाया.
सैकड़ों सीटू समर्थक मल्लागुड़ी में जमा हुए और वहां से जुलूस लेकर कोर्ट मोड़ स्थित एसडीओ कार्यालय पहुंचे. सीटू नेताओं का कहना था कि चाय बागान के श्रमिक अनाहार, अपुष्टि एवं रोग के शिकार हो रहे हैं. हर दिन ही चाय श्रमिकों की मौत हो रही है. दो वक्त का भोजन भी चाय श्रमिक नहीं जुटा पा रहे हैं. एक-पर-एक चाय बागान बंद हो रहे हैं और श्रमिक रोजगार की तलाश में दूसरे राज्यों में जा रहे हैं.
चाय बागानों की हालत काफी खतरनाक है. अब तक 150 से भी अधिक चाय श्रमिकों की मौत भूख एवं बीमारी की वजह से हो चुकी है. इन सीटू नेताओं ने राज्य सरकार पर भी जमकर निशाना साधा. सीटू नेताओं ने कहा कि भूख एवं बीमारी की वजह से एक ओर जहां चाय श्रमिकों की मौत हो रही है, वहीं दूसरी ओर राज्य की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी मेला तथा उत्सवों के आयोजन में व्यस्त हैं. सीटू नेताओं ने आरोप लगाते हुए कहा कि मुख्यमंत्री क्लबों को तो खैरात बांट रही हैं, लेकिन चाय श्रमिकों के लिए कुछ भी नहीं कर रही हैं.
सीटू ने बंद चाय बागानों को यथाशीघ्र खुलवाने की मांग की है. सीटू नेताओं ने कहा कि चाय श्रमिकों को चिकित्सा, खाद्य आदि की सुविधाएं देनी होगी. मनरेगा के तहत चाय श्रमिकों को रोजगार उपलब्ध कराने की मांग भी सीटू नेताओं ने की है. आज के इस आंदोलन ने सीटू नेता समन पाठक, दिवेश चौबे, अजीत सरकार आदि शामिल थे. सीटू के इस जुलूस को लेकर पुलिस ने सुरक्षा के तगड़े इंतजाम किये थे.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।

Read More

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >