सिलीगुड़ी : उत्तर बंगाल की पहली हिंदी फिल्म ‘भूख’ का गुरूवार को सिलीगुड़ी में प्रोमो जारी हुआ. कल यानी शुक्रवार से रूपहले पर्दों पर प्रदर्शन शुरू हो जायेगा. यह कहना है फिल्म निर्देशक व निर्माता किरण कुंडु का. वह गुरूवार को सिलीगुड़ी जर्नलिस्ट क्लब में फिल्म प्रोमो के दौरान मीडिया को संबोधित कर रहे थे.
उन्होंने कहा कि 1.35 मिनट की हॉरर फिल्म की अधिकांश शूटिंग उत्तर बंगाल के जंगलों में की गयी है. मुख्य अभिनेता सनी (दिल्ली) व अभिनेत्री ट्विंकल घोष (कोल) के अलावा अन्य सभी कलाकार गौतम देव, टिकम शर्मा, मनोज भट्टाचार्य, करण रंजना उत्तर बंगाल के रहनेवाले हैं. इनमें गौतम देव विलेन और दमदार भूमिका में हैं.
सबों ने उम्दा अभिनय किया है. श्री कुंडु ने फिल्म की कहानी का सारांश बताते हुए कहा कि फिल्म काल्पनिक है. फिल्म में जंगल में रहनेवाले नरभक्षी टोमो जनजाति को दर्शाया गया है. शहर के युवक-युवतियों की एक टोली विकेंड मनाने उसी बिहड़ जंगल में जाते हैं जहां मानव खून की प्यासी यह टोमों जाति के कुछ लोग अभी भी रहते हैं.
युवक-युवतियों की टोली के साथ एक के बाद एक क्या घटनाएं घटित होती है यह पूरी फिल्म देखने के बाद ही पता चलेगा. फिल्म की कहानी भी श्री कुंडु ने ही लिखी है और शरवेंदु शेखर दत्त ने गानों को आवाज देकर फिल्म में चार चांद लगा दिया है. श्री कुंडु ने बताया कि उत्तर बंगाल में सफल प्रदर्शन के बाद फिल्म को मल्टिप्लेक्स थियेटरों के अलावा बिहार, उत्तर प्रदेश में भी प्रदर्शित किया जायेगा.
