क्रिसमस: चर्च में हर संप्रदाय के लोगों ने की प्रार्थना सभा, याद किये गये प्रभु यीशु

सिलीगुड़ी. देश-दुनिया के साथ ही शुक्रवार को सिलीगुड़ी में भी क्रिसमस यानी बड़ा दिन हर्षोल्लास के साथ मनाया गया और प्रभु यीशु को याद किया गया. इस उपलक्ष पर सिलीगुड़ी व आस-पास के तमाम गिरजाघरों को दुल्हन की तरह सुसज्जित किया गया था. गिरजाघरों में सुबह से ही प्रभु यीशु के अनुयायियों का तांता लगा […]

सिलीगुड़ी. देश-दुनिया के साथ ही शुक्रवार को सिलीगुड़ी में भी क्रिसमस यानी बड़ा दिन हर्षोल्लास के साथ मनाया गया और प्रभु यीशु को याद किया गया. इस उपलक्ष पर सिलीगुड़ी व आस-पास के तमाम गिरजाघरों को दुल्हन की तरह सुसज्जित किया गया था. गिरजाघरों में सुबह से ही प्रभु यीशु के अनुयायियों का तांता लगा रहा. यहां आयोजित प्रार्थना सभा में हर संप्रदाय के लोगों ने शिरकत किया. धर्म गुरूओं ने प्रभु यीशु के जीवन पर प्रकाश डाला और उनकी महिमा का बखान किया.

साथ ही उनका पैगाम जन-जन तक पहुंचाया. प्रार्थना सभा के दौरान प्रभु से प्रेम-सद्भाव-भाईचारे की दुआ की गयी. यीशु की मां मरियम के सामने भी श्रद्धालुओं ने मोमबत्ती जलाकर प्रार्थना की और सुख-शांति की कामना की. सभी गिरजाघरों में धार्मिक कार्यक्रमों का दौर दिनभर चलता रहा. गिरजाघरों में बनाये गये प्रभु के जन्मोत्सव की अलौकिक झांकी भी श्रद्धालुओं,खासकर बच्चों के बीच आकर्षण का केंद्र बना रहा. शहर के चर्च रोड स्थित गिरजाघर, प्रधाननगर स्थित आवर लेडी क्वीन गिरजाघर, हाकिमपाड़ा, नौ नंबर वार्ड के अग्रसेन रोड स्थित गिरजाघर, भक्तिनगर, माटीगाड़ा स्थित यीशु आश्रम, बागडोगरा, विधाननगर, नक्सलबाड़ी, खोरीबाड़ी के अलावा सभी जगहों के गिरजाघरों में दिन भर चहल-पहल रही. दूसरी ओर प्रभु यीशु के अनुयायियों ने साफ-सफाई एवं रंग-रोगन कर अपने घरों को सुसज्जित किया. साथ ही प्रभु के जन्मदिन का केक काटकर श्रद्धालुओं ने एक-दूसरे को खिलाया.

जिंगल बेल, जिंगल बेल के बीच शहर हुआ चकाचौंध
जिंगल बेल, जिंगल बेल… की धुन से पूरा सिलीगुड़ी बीती रात से ही गूंजायमान हो उठा. साथ ही प्रकाश सज्जा से पूरा शहर चकाचौंध हो उठा. पर्यटन विभाग की ओर से क्रिसमस एवं नये साल का स्वागत करने के लिए शहर के प्रमुख सड़कों व चौराहों को अलौकिक प्रकाश सज्जा से दुल्हन की तरह सुसज्जित किया गया है. एयरव्यू मोड़, सेवक मोड़, पानीटंकी मोड़ एवं पूरे हिलकार्ट रोड को एलइडी लाइटों के तोरण से सजाया गया है.
शॉपिंग मॉलों-बाजारों में रौनक
क्रिसमस के मद्देनजर शहर के छोटे-बड़े सभी शॉपिंग मॉलों एवं सभी बाजारों में भी काफी रौनक देखी गयी. शहर से सटे माटीगाड़ा स्थित सिटी सेंटर, सेवक रोड स्थित कॉसमॉस मॉल में भी दिनभर क्रिसमस की धूम छायी रही. इन मॉलों में लोगों के आकर्षित करने के लिए कई रंगारंग कार्यक्रम भी आयोजित किया गया. इन मॉलों में सांता क्लॉज खासकर बच्चों के लिए आकर्षण का केंद्र बना रहा. इन मॉलों के अलावा सेवक रोड स्थित सिटी मॉल, सेठ श्रीलाल मार्केट, विधान मार्केट अन्य बाजारों एवं होटल-रेस्तरां में भी देर रात तक चहल-पहल बनी रही.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।

Read More

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >