फूंका प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का पुतला
सिलीगुड़ी :नेशनल हेराल्ड मामले में शनिवार को सिलीगुड़ी में एकबार फिर कांग्रेसियों का गुस्सा फूट पड़ा. एक तरफ कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी व उनके पुत्र राहुल गांधी दिल्ली के पटियाला हाउस कोर्ट में हाजिरी लगा रहे थे, तो उसी वक्त पूरे देश के साथ-साथ सिलीगुड़ी में भी कांग्रेसी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का पुतला फूंक रहे थे.
दार्जिलिंग जिला कांग्रेस अध्यक्ष शंकर मालाकार के नेतृत्व में कांग्रेसियों ने जिला पार्टी मुख्यालय, विधान भवन से मोदी के पुतले के साथ शहर में प्रतिवाद रैली निकाली और हाशमी चौक पर पहुंचकर पुतले को फूंक डाला.
इस दौरान कांग्रेसियों ने सोनिया एव राहुल गांधी के समर्थन में आवाज बुलंद की और मोदी के विरुद्ध नारेबाजी की. इस विरोध प्रदर्शन के दौरान जिला महासचिव जीवन मजूमदार, रविन पाइन, युवा कांग्रेस के प्रांतीय महासचिव अनिरुद्ध सिंह चौहान, प्रशांत सिंहल, युवा नेता मेहदी हुसैन उर्फ मेटिया, छात्र नेता रॉनाल्ड दे के अलावा बड़ी तादाद में वरिष्ठ नेता, कार्यकर्ता व समर्थक मौजूद थे.
