कोलकाता : भाजपा नेत्री रूपा गांगुली ने कहा है कि राज्य सरकार उनके आंदोलनों से डर गयी है. कृष्णनगर में संवाददाताओं से बातचीत में रूपा गांगुली ने यह कहा. उल्लेखनीय है कि पुलिस द्वारा गिरफ्तार किये गये भाजपा कार्यकर्ताओं को छोड़े जाने की मांग पर रूपा सहित प्रदेश भाजपा अध्यक्ष दिलीप घोष व अन्य भाजपा नेताओं ने कृष्णनगर कोतवाली थाने के सामने अनशन व धरना शुरू किया था.
हालांकि अदालत द्वारा गिरफ्तार किये गये कार्यकर्ताओं को पांच दिनों के लिए जेल हिरासत में भेजे जाने के बाद अनशन तो समाप्त किया गया है लेकिन भाजपा के मुताबिक उनका आंदोलन आगे भी जारी रहेगा. रूपा गांगुली ने कहा कि अगले पांच दिनों तक उनका आंदोलन राज्य भर में चलेगा.
उनका कहना था कि राज्य सरकार ने भाजपा की शक्ति को कम करके आंका था. लेकिन भाजपा की शक्ति को देखकर सरकार डर गयी है. डर के कारण ही भाजपा पर हमला किया गया. पुलिस ने भाजपा कार्यकर्ताओं में शामिल वृद्ध-वृद्धाओं को भी नहीं बख्शा. उनपर भी लाठियां चलायी गयीं. इसका फल तृणमूल को चुनाव में देखने को मिलेगा. इधर तारातला में भाजपा नेता सिद्धार्थनाथ सिंह के नेतृत्व में भाजपा कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन किया.
