कोलकाता. देश की राजधानी नयी दिल्ली में मुख्यमंत्री ममता बनर्जी व पार्टी से कई महीनों दूरी बना कर रखनेवाले सांसद मुकुल राय की मुलाकात ने राज्य में राजनीतिक सरगरमी को तेज कर दिया है. मुख्यमंत्री ममता बनर्जी की पहल पर मुकुल राय के फिर से तृणमूल कांग्रेस के खेमे में शामिल होने की संभावनाएं तेज हो गयी है.
जानकारी के अनुसार, मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने स्वयं सांसद मुकुल राय को फिर से पहले जैसा पार्टी के लिए कार्य करने का आग्रह किया. बुधवार की रात को सांसद अभिषेक बनर्जी के दिल्ली स्थित फ्लैट में रात्रि भोजन करने के बाद मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने काफी समय तक एकांत में मुकुल राय से बातचीत की. उन दोनों के बीच विभिन्न विषयोें को लेकर चर्चा हुई. मुख्यमंत्री ने मुकुल राय से पार्टी के सभी कार्यों से खुद को जोड़ते हुए कार्य करने का परामर्श दिया. अब इस बैठक को लेकर विरोधी पार्टियों के साथ ही तृणमूल कांग्रेस के अंदर भी शोर-गुल शुरू हो गया है.
वहीं, मुकुल राय के पुत्र विधायक शुभ्राांशु राय ने कहा कि अगर उनके पिताजी फिर से पहले से भी अधिक योगदान देते हुए पार्टी के लिए कार्य करते हैं तो उनको बहुत खुशी होगी. उनके पिताजी हमेशा ही मुख्यमंत्री के संपर्क में रहे थे, हैं और आगे भी उनसे संपर्क बनाये रखेंगे. अब पिताजी अगर पार्टी के लिए और बढ़-चढ़ कर कार्य करते हैं तो इससे उनको बहुत खुशी होगी.
