हावड़ा. छात्राओं के साथ छेड़खानी होते देख एक व्यवसायी को प्रतिवाद करना महंगा पड़ा. रात को घर जाने के दौरान मनचलों ने उस व्यवसायी पर बम फेंक दिया. बम फटा भी लेकिन व्यवसायी बाल-बाल बच गया. घटना बुधवार रात मालीपांचघड़ा थाना अंतर्गत जेएन मुखर्जी रोड की है. इस घटना में पुलिस ने एक आरोपी मिलन प्रसाद को गिरफ्तार किया है. गुरुवार उसे हावड़ा अदालत में पेश किया गया जहां न्यायाधीश ने उसे पुलिस हिरासत में भेजने का आदेश दिया.
गौरतलब है कि बुधवार शाम 6.30 बजे तीन छात्राएं ट्यूशन पढ़ कर घर लौट रही थीं. जेएन मुखर्जी रोड पर तीन मनचले बाइक से छात्राओं के करीब पहुंचे व फब्तियां कसने लगे. छात्राओं ने इसका विरोध किया. चीख पुकार सुनकर स्थानीय व्यवसायी गौरी शंकर चौरसिया मौके पर पहुंचे व मनचलों को डांट कर वहां से भगा दिया. बात वहीं खत्म हो गयी लेकिन रात नौ बजे गौरी शंकर जब घर जा रहे थे, उसी समय पहले से घात लगाये मनचलों ने उन पर बम से हमला बोल दिया.
घटना की खबर पुलिस को दी गयी. पुलिस ने एक आरोपी मिलन प्रसाद को गिरफ्तार किया है. बाकी आरोपियों की तलाश जारी है.
