सिलीगुड़ी. सिलीगुड़ी नगर निगम बकाया राशि के भुगतान हेतु राज्य सरकार से फरियाद करेगी. निगम का तकरीबन 30 करोड़ बकाया राज्य सरकार पर है. इसके लिए निगम के वाम, तृकां, कांग्रेस व भाजपा के सभी 47 पार्षद विभिन्न मंत्रियों से मुलाकात करेंगे. यह कहना है.
मेयर अशोक भट्टाचार्य का. वह सोमवार को निगम के प्रशासनिक भवन स्थित अपने दफ्तर में प्रेस-वार्ता के दौरान मीडिया को संबोधित कर रहे थे. श्री भट्टाचार्य ने कहा कि करीब 25-30 करोड़ बकाया राशि राज्य सरकार से जल्द लेना काफी जरूरी है. वरना निगम की विकास परियोजनाओं की रफ्तार पर ब्रेक लग जायेगा. इसके लिए जल्द एमएमआइसी व सर्वदलीय मीटिंग की जायेगी. मीटिंग के दौरान ही राज्य सरकार के नगरपालिका मंत्री फिरहाद हकीम व उत्तर बंगाल विकास मंत्री गौतम देव से मुलाकात करने का निर्णय लिया जायेगा.
दोनों मंत्रियों से मुलाकात करने के लिए सभी 47 पार्षदों की दो अलग-अलग टीम बनायी जायेगी. दोनों टीमों में ही वाम के अलावा विरोधी दल तृकां, कांग्रेस व भाजपा के भी पार्षद शामिल होंगे. श्री भट्टाचार्य ने बताया कि दोनों मंत्रियों से जल्द मुलाकात करने हेतु इसी महीने समय ले लिया जायेगा.
