एसजेडीए घोटाला: चार्जशीट जमा नहीं कर सकी सीआइडी, गोदाला को जमानत

सिलीगुड़ी: करीब 200 करोड़ रुपये के कथित एसजेडीए घोटाला मामले में मुख्य आरोपी सिलीगुड़ी जलपाईगुड़ी विकास प्राधिकरण(एसजेडीए) के पूर्व सीइओ तथा आइएएस अधिकारी गोदाला किरण कुमार को आखिरकार जमानत मिल गयी. सिलीगुड़ी के एसीजेएम अदालत ने उन्हें जमानत पर रिहा करने का आदेश दिया. जमानत मिलने से खुश गोदाला ने हालांकि इस मामले पर चुप्पी […]

सिलीगुड़ी: करीब 200 करोड़ रुपये के कथित एसजेडीए घोटाला मामले में मुख्य आरोपी सिलीगुड़ी जलपाईगुड़ी विकास प्राधिकरण(एसजेडीए) के पूर्व सीइओ तथा आइएएस अधिकारी गोदाला किरण कुमार को आखिरकार जमानत मिल गयी. सिलीगुड़ी के एसीजेएम अदालत ने उन्हें जमानत पर रिहा करने का आदेश दिया. जमानत मिलने से खुश गोदाला ने हालांकि इस मामले पर चुप्पी साध रखी थी.

उल्लेखनीय है कि इसी वर्ष 15 जुलाई को पूछताछ के दौरान गोदाला किरण कुमार को सिलीगुड़ी के दागापुर स्थित पिंटल विलेज से सीआइडी की टीम ने गिरफ्तार किया था.

लेकिन 90 दिनों के बाद भी इस मामले में सीआइडी चार्जशीट दायर नहीं कर सकी. इसी वजह से सोमवार को सिलीगुड़ी के एसीजेएम देवांजन घोष की अदालत ने गोदाला किरण कुमार को जमानत पर रिहा कर दिया.

गोदाला किरण कुमार के वकील अत्री देव शर्मा ने बताया कि कानून के तहत जांच एजेंसी को गिरफ्तार किये जाने के 90 दिनों के भीतर आरोपी के खिलाफ चार्जशीट जमा कराना होता है अन्यथा आरोपी को जमानत दे दी जाती है. गोदाला किरण कुमार की गिरफ्तारी के 91 दिन हो गये. सीआइडी उनके खिलाफ चार्जशीट दाखिल नहीं कर सकी. बचाव पक्ष द्वारा जमानत की अपील पर अदालत ने गोदाला किरण कुमार को जमानत दे दी.

सरकारी वकील सुदीप राय बासुनिया ने बताया कि सीआइडी द्वारा 90 दिनों में चार्जशीट दाखिल न करने की वजह से बचाव पक्ष की अपील पर किरण कुमार गोदाला को जमानत मिली है.

पहले 24 घंटे के अंदर हुइ थी रिहाई: वर्ष 2013 में कुल सात मामले दर्ज होने के बाद पुलिस ने गोदाला को 27 जुलाई को सीसीटीवी घोटाला मामले में गिरफ्तार किया लेकिन गिरफ्तार होने के चौबीस घंटे के भीतर उन्हें जमानत मिल गयी. जिसके बाद गोदाला किरण कुमार को एसजेडीए के सीइओ के पद से हटाकर मालदा जिले का जिला अधिकारी बना दिया गया. तब इस मामले में सिलीगुड़ी के तत्कालीन पुलिस आयुक्त के जयरमण को सरकार के कोप का शिकार होना पड़ा था.उनका तबादला कर दिया गया था. बाद में सीआइडी ने इस मामले की जांच शुरू की. सीआइडी की टीम ने 15 जुलाई को किरण कुमार गोदाला को गिरफ्तार किया. गोदाला किरण कुमार को 24 नवंबर को फिर से सिलीगुड़ी अदालत में पेश किया जायेगा.

क्या है मामला
सिलीगुड़ी के प्रधान नगर थाने में वर्ष 2013 में एसजेडीए में हुए करीब 200 करोड़ के घोटाला मामले गोदाला के खिलाफ कुल सात मामले दर्ज किये गये हैं. माना जाता है कि उत्तर बंगाल में अब तक का यह सबसे बड़ा घोटाला है. वर्ष 2013 के 16 मई को सिलीगुड़ी के प्रधान नगर थाने में केस नंबर 316/13 के तहत बागडोगरा में बनने वाले विद्युत शवदाह चुल्हा निर्माण में गड़बड़ी, केस नंबर 317/13 के तहत जलपाईगुड़ी जिले के मालबाजार में विद्युत शवदाह चुल्हे के निर्माण में गड़बड़ी के तहत मामला दर्ज है. इसके अलावा केस संख्या 318/13 के तहत मयनागुड़ी में शवदाह चूल्हा बनाने को लेकर मामला दर्ज है. इसके अलावा और भी कइ आर्थिक गड़बड़ी को लेकर गोदाला किरण कुमार के खिलाफ मामला दर्ज है.

गोदाला अभी हैं सस्पेंड
उल्लेखनीय है कि गिरफ्तारी के समय गोदाला किरण कुमार राज्य सरकार के कृषि विभाग के संयुक्त सचिव के पद पर कार्यरत थे. गिरफ्तारी के बाद इन्हें सस्पेंड कर दिया गया है.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।

Read More

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >