सिलीगुड़ी. सीमा सुरक्षा बल की 66वीं बटालियन ने शनिवार को गुप्त सूचना के आधार पर अभियान चला कर दो तस्करों समेत एक ट्रक में लदे 24 मवेशियों को जब्त किया. बीएसएफ की सीमा चौकी मुरीखावा के कंपनी कमांडर प्रेम चंद मीणा के नेतृत्व में बीएसएफ जवानों ने फांसीदेवा थाने की पुलिस के साथ मिल कर एक संयुक्त अभियान चलाया.
प्राप्त जानकारी के अनुसार, बीएसएफ की टुकड़ी ने एक ट्रक को सीमा क्षेत्र में संदिग्ध रूप से खड़ा देखा तो जवानों ने ट्रक चालक को आवाज दी. जवानों को देख ट्रक चालक ट्रक लेकर भागने लगा. बीएसएफ ने तुरंत इसकी सूचना फांसीदेवा थाने में दी. पुलिस ने मुरीखावा से चार किलोमीटर की दूरी पर चेकपोस्ट पर ट्रक को रोका. तलाशी लेने पर ट्रक के अंदर से 24 मवेशी बरामद हुए. ट्रक चालक भागने में कामयाब रहा. ट्रक के अंदर बैठे दो लोगों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया. इनके नाम मोहम्मद नौशाद शाह (45) व मोहम्मद अकबर (38) है. ये दोनों बिहार के निवासी हैं.
पूछताछ में इनलोगों ने बताया कि वे मवेशियों को सीमा पार बांग्लादेश ले जा रहे थे. पुलिस ने दोनों तस्करों को गिरफ्तार कर लिया है. जब्त किये गये मवेशियों की कीमत दो लाख 56 हजार 800 रुपये बतायी गयी है. वहीं वाहन की कीमत 15 लाख रुपये है. पकड़े गये तस्करों, मवेशियों व ट्रक को फांसीदेवा थाना में सौंप दिया गया है. बीएसएफ के कार्यवाहक समादेष्टा दिनेश कुमार ने बताया कि पशुओं की तस्करी रोकने के लिए सीमा सुरक्षा बल हर समय तैयार है. उल्लेखनीय है कि ईद-उल-जोहा (बकरीद) निकट होने की वजह से सीमा क्षेत्र में पशु तस्करों की गतिविधियां अचानक से बढ़ गयी हैं.
