घटना की खबर मिलते ही एसडीपीओ बड़ी संख्या में पुलिस फोर्स लेकर घटनास्थल पर पहुंचे. रविवार सुबह जलपाईगुड़ी के अतिरिक्त जिला पुलिस अधीक्षक जेम्स कुजूर घटनास्थल पर गये. स्थिति पर काबू पाने के लिए इलाके में पुलिस पिकेटिंग बिठायी गयी है. पीडि़त चाय श्रमिक की बेटी प्रीति खालको ने बताया कि शनिवार रात को लगभग 100 पीपीपी समर्थकों ने उनके घर पर हमला किया. घर के सारे फर्नीचर तोड़ दिये गये. एक बाइक जला दी गयी. हमलावरों ने उसके भाई एंथनी खालको के सिर पर शराब के बोतल से आघात किया जिससे वह जख्मी हो गया. जलपाईगुड़ी के तृणमूल कांग्रेस के जिलाध्यक्ष सौरभ चक्रवर्ती ने घटना की तीव्र निंदा की है. उन्होंने बताया कि योजना बना कर तृणमूल समर्थक के घर पर पीपीपी ने हमला किया है. शनिवार रात को ही घटना के बारे में मुख्यमंत्री को सूचित किया गया है.
उन्होंने पुलिस को दोषियों के खिलाफ कठोर कदम उठाने के लिए अनुरोध किया है. दूसरी ओर, पीपीपी ने तृणमूल कांग्रेस के आरोपों को बेबुनियाद करार दिया है. पीपीपी के केंद्रीय कमेटी के अध्यक्ष किरण कालिंदी ने बताया कि इस तरह के घटना के पीछे उनके पार्टी का कोई कार्यकर्ता व समर्थक शामिल नहीं है. उन्होंने आशंका जतायी है कि इलाके के कुछ असामाजिक तत्वों ने इस काम को अंजाम दिया होगा. अतिरिक्त जिला पुलिस अधीक्षक जेम्स कुजूर ने बताया कि स्थिति फिलहाल काबू में है. इलाके में पुलिस पिकेट है. इलाके में शांति-व्यवस्था बनाये रखने के लिए शाम को दोनों संगठनों को बैठक के लिए बुलाया गया है.
