हावड़ा के बाढ़ प्रभावित इलाकों का दौरा करने गया था माकपा प्रतिनिधिमंडल
हावड़ा : ग्रामीण हावड़ा में बाढ़ प्रभावित इलाकों का दौरा करने गये विधानसभा में विपक्ष के नेता सूर्यकांत मिश्रा के काफिले पर हमला करने का मामला सामने आया है. आरोपों के अनुसार ग्रामीण हावड़ा के पांचारुल जाने के क्रम में राजापुर मोड़ पर करीब 1000-1500 तृणमूल समर्थकों ने श्री मिश्रा के काफिला को रोक दिया. श्री मिश्रा के साथ धक्का-मुक्की का भी आरोप है.
साथ ही उनके काफिले में शामिल अन्य वाहनों को नुकसान भी पहुंचाने का आरोप है. हालांकि, पुलिस के हस्तक्षेप के बाद प्रदर्शनकारियों को वहां से हटाया गया. इधर इस घटना के खिलाफ जिला माकपा की ओर से पंचाननतला व हावड़ा मैदान में पथावरोध कर तीव्र विरोध प्रदर्शन किया गया. इस दौरान पुलिस व माकपा समर्थकों के बीच धक्का-मुक्की की भी खबर है. इस मामले में चार माकपा समर्थकों की गिरफ्तारी हुई है. जबकि, तीन पुलिसकर्मियों के घायल होने की भी खबर है.
बाढ़ प्रभावित, आमता, उदयनारायणपुर, पांचारुल, संतोषपुर सह अन्य इलाकों में चल रहे राहत कार्यों व प्रभावितों की स्थिति का जायजा लेने के लिए श्री मिश्रा गुरुवार को अपने काफिले के साथ सुबह करीब 11 बजे ग्रामीण हावड़ा पहुंचे. इस दौरान पुलिस व जिला माकपा के अन्य नेता भी मौजूद रहे. ग्रामीण हावड़ा के पेरो होते हुए पांचारुल जाने के क्रम में राजापुर मोड़ के पास अचानक हजारों की संख्या में लोग सूर्यकांत के काफिले के समक्ष आ खड़ा हुए. चारों ओर से उनके काफिले में शामिल वाहनों को घेर कर उनका विरोध किया जाने लगा. साथ ही लोग सूर्यकांत गो बैक के नारे लगाने लगे. उनके साथ धक्का-मुक्की का भी आरोप है. उग्र भीड़ ने वाहनों को भी निशाना बनाया. आरोप है कि इस दौरान प्रेस के वाहन पर भी हमला किया गया.
इस घटनाक्रम के कारण करीब 45 मिनट तक सूर्यकांत का काफिला वहीं खड़ा रहा. सूचना के बाद मौके पर पहुंची भारी पुलिस बलों की हस्तक्षेप के बाद लोगों को वहां से हटाया गया. माकपा का आरोप है कि एक योजना के तहत इस घटना को अंजाम दिया गया है. श्री मिश्रा ने आरोप लगाया कि एक पूर्व नियोजित योजना के तहत इस घटना को अंजाम दिया गया है. उन्होंने इस घटना में तृणमूल कांग्रेस के लोगों के प्रत्यक्ष रूप से शामिल होने की बात कही.
घटना के खिलाफ माकपा ने किया पथावरोध
इस घटना के खिलाफ जिला वाम मोरचा की ओर पंचाननतला व हावड़ा मैदान इलाके में पथावरोध कर तीव्र विरोध दर्ज कराया गया. इस बाबत, पुलिस और माकपा समर्थकों के बीच धक्का-मुक्की हुई. जिसमें चार माकपा समर्थकों को गिरफ्तार किया गया. वहीं, तीन पुलिसकर्मियों के घायल होने की खबर है.
जिला माकपा ने की घटना की निंदा
जिला माकपा के सचिव विप्लव मजूमदार ने घटना की तीव्र निंदा की है. सूर्यकांत के काफिले में शामिल श्री मजूमदार ने पूरे घटनाक्रम को राजनीतिक इतिहास का काला दिन बताया.
हमले में हमारा हाथ नहीं : तृणमूल कांग्रेस
उधर, इस घटना में तृणमूल कांग्रेस के समर्थकों के शामिल होने के माकपा के आरोपों को सीरे से खारिज करते हुए ग्रामीण हावड़ा के तृणमूल कांग्रेस अध्यक्ष पुलक राय ने कहा कि घटना से पार्टी का कोई लेना देने नहीं है. बाढ़ को लेकर राजनीति की मंशा से ग्रामीण हावड़ा गये सूर्यकांत को स्थानीय लोगों के गुस्से का सामना होना पड़ा है. घटना के दो सप्ताह बाद राहत कार्य का जायजा लेने के नाम पर वहां जाने का मतलब केवल राजनीतिक स्वार्थ ही हो सकता है.
