सिलीगुड़ी : शहर की सरकारी जमीनों व बस्तियों में रहने वाले भूमिहीनों को जमीन का पट्टा दिलाने की मांग को लेकर मंगलवार को पश्चिम बंगाल बस्ती उन्नयन समिति की दार्जिलिंग जिला कमेटी की ओर से रैली निकालकर मिनी सचिवालय उत्तरकन्या का घेराव किया गया. प्रदर्शन के दौरान आंदोलकारियों की पुलिस से झड़प भी हुई. घेराव के बाद संगठन की ओर से डिविजनल कमिश्नर को एक ज्ञापन भी सौंपा गया.
जमीन के पट्टे को लेकर पुलिस से झड़प, उत्तरकन्या का घेराव
सिलीगुड़ी : शहर की सरकारी जमीनों व बस्तियों में रहने वाले भूमिहीनों को जमीन का पट्टा दिलाने की मांग को लेकर मंगलवार को पश्चिम बंगाल बस्ती उन्नयन समिति की दार्जिलिंग जिला कमेटी की ओर से रैली निकालकर मिनी सचिवालय उत्तरकन्या का घेराव किया गया. प्रदर्शन के दौरान आंदोलकारियों की पुलिस से झड़प भी हुई. घेराव […]

मंगलवार सुबह से ही सिलीगुड़ी तथा इसके आसपास के इलाकों के बस्तियों में रहने वाले लोग बाघाजतिन पार्क के सामने इकट्ठा होने लगे. जिसके बाद पश्चिम बंगाल बस्ती उन्नयन समिति की दार्जिलिंग जिला कमेटी दिलीप सिंह, संगठन के राज्य कमेटी के अध्यक्ष अशोक भट्टाचार्य व माकपा जिला सभापति जीवेश सरकार के नेतृत्व में हजारों बस्ती वासियों को साथ लेकर रैली का आयोजन किया गया.
रैली बाघाजतीन पार्क से निकलकर थाना मोड़, गेटबाजार होते हुए तीनबत्ती मोड़ इलाके में पहुंची. इस दौरान पुलिस ने रैली को रोकने के लिए बैरीकेड लगा आंदोलनकारियों को आगे बढ़ने से रोक दिया. इस दौरान पुलिस के साथ आंदोलनकारियों की धक्का-मुक्की और झड़प भी हुई. काफी देर तक वहां हंगामा होता रहा.
बाद में आंदोलनकारी पुलिस बैरीकेड को तोड़ते हुए मिनी सचिवालय उत्तरकन्या पहुंचे. इस दौरान डिविजनल कमिश्नर को एक ज्ञापन सौंपा गया. ज्ञापन में भूमिहीन बस्तीवासियों को जमीन का पट्टा देने के साथ रेलवे की जमीन पर रहने वाले लोगों को लीज पर देने की मांग की गयी. जिससे वे हाउसिंग फॉर ऑल तथा अन्य सरकारी सुविधाओं का लाभ उठा सके.
इस संबंध में पश्चिम बंगाल बस्ती उन्नयन समिति की राज्य कमेटी के अध्यक्ष व सिलीगुड़ी नगर निगम के मेयर अशोक भट्टाचार्य ने बताया कि सरकारी और रेलवे की जमीन पर दशकों से लोग रह रहे हैं. उन्होंने कहा कि वे सभी जमीन के पट्टे के हकदार हैं. उन्होंने आरोप लगाते हुए कहा कि राज्य सरकार उन्हें जानबूझ कर पट्टा देने में आनाकानी कर रही है.
जिससे उन लोगों को हाउसिंग फॉर ऑल तथा अन्य सरकारी सुविधाओं का लाभ नहीं मिल रहा है. इसी को देखते हुए उत्तर कन्या घेराव अभियान का आह्वान किया गया था. उन्होंने कहा कि इस इस विषय को लेकर उन्होंने मुख्यमंत्री ममता बनर्जी से भी बात की है. इसको लेकर बुधवार को एक प्रतिनिधि दल कोलकाता में मुख्यमंत्री से मुलाकात करेगा. जहां पट्टा संबंधी मामले पर चर्चा होगी. उन्होंने कहा कि सिलीगुड़ी से आंदोलन की शुरुआत हुई है. पूरे राज्य में इस आंदोलन को शुरू करने की योजना है.
वहीं दूसरी ओर संगठन के दार्जिलिंग जिला अध्यक्ष दिलीप सिंह ने बताया कि जरुरतमंद लोगों को जमीन का पट्टा दिलाने की मांग पर आंदोलन लगातार जारी रहेगा. उन्होंने कहा कि पिछले दिनों में 641 लोगों का डीपीआर काटा गया था. लेकिन बाद में उन्हें कोई पट्टा नहीं दिया गया. उत्तरकन्या घेराव अभियान में संगठन के राज्य कमेटी के सचिव मुंशी नुरूल इस्लाम, राज्य कमेटी की सदस्य रागिनी सिंह, गुलाब राय, अकबर अली, शरदेंदु चक्रवर्ती व अन्य कार्यकर्ता उपस्थित थे.