पायलट व सहयोगी सुरक्षित
तकनीकी गड़बड़ी के कारण परेशानी
ठेलकर हेलीकॉप्टर को हेलीपैड तक पहुंचाया
सिलीगुड़ी : अरे भाई ये गाड़ी नहीं हेलीकॉप्टर है. ठेल कर चालू थोड़े न होगा. सोमवार को एक ऐसा ही नजारा देखने को मिला. शहर से सटे फूलबाड़ी स्थित डाबग्राम पुलिस बैरक के मैदान में एक हेलीकॉप्टर को धक्का देते देखा गया. हेलीकॉप्टर को धक्का देने की तस्वीर और वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल है. तकनीकी खराबी से हेलीकॉप्टर अगले दो दिन डाबग्राम पुलिस बैरक मैदान में ही रहेगा.
प्राप्त जानकारी के अनुसार सोमवार दोपहर एक हेलीकॉप्टर के काफी नीचे से उड़ते देखकर स्थानीय लोगों में अफरा-तफरी मच गयी. हेलीकॉप्टर पेड़ व केबल तार को चीरते हुए लगातार नीचे की ओर आया और डाबग्राम पुलिस बैरक के मैदान में उतर गया. कुछ लोगों को लगा कि प्रधानमंत्री नरेद्र मोदी या फिर मुख्यमंत्री ममता बनर्जी हेलीकॉप्टर से पधारी हैं.
उन्हें देखने के लिए लोगों की भीड़ पुलिस बैरक के समाने जमा हो गयी. यहां बता दें कि राज्य की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी सोमवार को पड़ोसी जिला कूचबिहार में जनसभा को संबोधित कर शाम को सिलीगुड़ी के सालूगाड़ा स्थित एक होटल पहुंची है. पास जाकर लोगों ने देखा कि हेलीकॉप्टर से पायलट व सहायक कर्मचारी बाहर निकले.ये हेलीकॉप्टर के उपर चढ़कर कुछ ठीक-ठाक करने में जुट गये.
इसके बाद पायलट व सहायक कर्मचारी हेलीकॉप्टर को धक्का देने लगे. धक्का देने के लिए बैरक के पुलिस कर्मचारियों ने भी हाथ लगाया. लेकिन हेलीकॉप्टर टस से मस नहीं हुआ. इसके बाद धक्का देने के लिए स्थानीय लोगों को भी बुलाया गया.ये सभी जोर लगा कर हैय्या बोल रहे थे और धक्का मार रहे थे. पुलिस व लोगों द्वारा हेलीकॉप्टर को धक्का देते देख कई लोगों ने फोटो व वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया.
