सिलीगुड़ी : 140 वीं वाहिनी सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ)ने कार्यवाहक समादेष्टा राकेशा कुमार के निर्देश पर सीमा चौकी बारागडिया इलाके में सीमा क्षेत्र के ग्रामीणों के बीच सिविक एक्शन कार्यक्रम का आयोजन किया गया.
इसके तहत ग्रामीणों को घरेलु समान तथा कृषि कार्य से जुड़े उपकरण दिये गए. नालंगीबाड़ी (इस्ट) गांव के अधिकांश महिलाओं एवं पुरूषों के बीच लगभग एक लाख रूपये मूल्य की साड़ियां, कम्बल, मच्छरदानी, चप्पल आदि दिये गए. इसके साथ ही कीटनाशक छिड़काव के लिए स्प्रे- मशीन , कुदाल आदि का भी वितरण किया गया.इससे ग्रामीणों में काफी खुशी थी.
बीएसएफ ने बताया है कि सिविक एक्शन कार्यक्रम के तहत सीमा सुरक्षा बल द्वारा प्रत्येक वर्ष सीमा क्षेत्र में आर्थिक रूप से कमजोर ग्रामीणों की मदद की जाती है. उनके बीच जरूरी सामानों का वितरण किया जाता है. इस मौके पर आयोजित कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कार्यवाहक समादेष्टा राकेश कुमार ने कहा कि अभी केन्द्रीय पुलिस संगठन में लगभग 55 हजार पदों पर आरक्षक (सामान्य ड्यूटी) के भर्ती के लिए रिक्तियां निकली हैं.
जिसके लिए निकट भविष्य में 140 वीं वाहिनी की ओर से ग्रामीण क्षेत्र के 10 वीं पास युवाओं एवं युवतियों को कोचिंग दी जायेगी. जिससे कि ये लोग ज्यादा से ज्यादा इस पद के लिए चयनित हो सकें. साथ ही उन्होनें बताया कि निकट भविष्य में सीमावर्ती ग्रामीणों के लिए एक निःशुल्क चिकित्सा शिविर का भी आयोजन किया जाएगा.
इस कार्यक्रम को सफल बनाने में बटालियन के विजय प्रकाश चौबे उप- समादेष्टा,असीम लकडा प्रशिक्षण अधिकारी,निरीक्षक महेन्द्र कुमार,आनंद बरूआ, निरीक्षक (सर्तकता) घनश्याम ठाकुर ,उप – निरीक्षक (सामान्य) एसएस बेहरा एवं शिकारपुर ग्राम पंचायत के प्रधान गोजन वर्मन, सदस्य अफिजुल मिया, नालंगीबाड़ी (वेस्ट) मेम्बर परेश वर्मन, बगडीबाडी के मेम्बर गोपाल वर्मन आदि भी उपस्थित थे. सीमा चौकी के जवानों ने भी सक्रिय भूमिका निभाई.
