दार्जिलिंग : दंपति हत्याकांड के आरोपियों को अगर शीघ्र ही गिरफ्तार नहीं किया गया तो ऑल इंडिया शेर्पा एसोसिएशन ने पहाड़ में विराट रैली व अन्य कार्यक्रम आयोजित करने की घोषणा की है. इसकी जानकारी ऑल इंडिया शेर्पा एसोसिएशन के प्रचार-प्रसार सचिव फुर्बा शेर्पा ने शुक्रवार को दी.
विदित हो कि 18 अगस्त को कालिम्पोंग के पेदोंग निवासी फुर्तेम्बा शेर्पा और उनकी पत्नी कुसुम शेर्पा की निर्मम हत्या कर दी गयी थी. इस हत्याकांड के छह दिन हो चुके हैं. परंतु अभी भी आरोपी पुलिस की पकड़ से बाहर है. दार्जिलिंग प्रेस गिल्ड में पत्रकारों से बातचीत करते हुये प्रचार प्रसार सचिव शेर्पा ने कहा कि दंपति हत्याकांड की घटना से पहाड़ में निराशा और आक्रोश छाया हुआ है.
इसलिये पुलिस प्रशासन को आरोपियों को चिह्नित कर गिरफ्तार करना होगा. यदि प्रशासन ने आरोपियों को शीध्र गिरफ्तार नहीं किया तो एसोसिएशन पहाड़ में विराट रैली निकालेगा. उन्होंने कहा कि पिछले कुछ दिनों पहले पश्चिम बंगाल शेर्पा कल्चलर डेवलपमेंट बोर्ड के चेयरमैन नीमा वागदी शेर्पा ने भी कालिम्पोंग पुलिस प्रशासन और जिला प्रशासन को पत्रचार करके आरोपियों की गिरफ्तारी करने की मांग की थी.
उन्होंने कहा कि एसोसिएशन की ओर से राज्य की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी को भी पत्र भेजा जायेगा. इसी तरह से सम्बंधित विभागीय अधिकारियों को भी पत्र दिया जायेगा. श्री शेर्पा ने कहा कि आगामी दिनों पश्चिम बंगाल शेर्पा कल्चलर डेवलपमेंट बोर्ड के चेयरमैन नीमा वागदी शेर्पा के दार्जिलिंग आते ही बैठक करके भावी कार्यक्रम की तिथि तय किया जायेगा.
