कूचबिहार : एक सड़क हादसे में तीन बच्चों सहित पांच लोगों की मौत हो गयी. वहीं सात अन्य लोगों को अलीपुरद्वार जिला अस्पताल में भर्ती करवाया गया है. मंगलवार शाम को यह घटना कूचबिहार जिले के तूफानगंज महकमा के चेंगटीमारी इलाके में हरिपुर-कामाख्यागुड़ी सड़क पर घटी.
घटना के सामने भारी बारिश के कारण सड़क पर गाड़ी चलाना मुश्किल हो रहा था. इस स्थिति में यात्रियों से भरे एक ऑटो की विपरीत दिशा से आ रही एक निजी कार के साथ जोरदार टक्कर हो गयी. ऑटो बुरी तरह से टूट-फूट गया और सड़क किनारे खाई में जाकर गिर गया. ऑटो के तुड़-मुड़ जाने से अंदर एक यात्री फंस गया.
बाद में दमकलकर्मियों ने आकर उसे निकाला और अस्पताल ले गये, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत बताया. इसके अलावा मरनेवालों में 5 साल के आसपास के तीन बच्चे हैं, जिनकी पहचान रिक राय, जेनी अख्तर व एक अन्य के रूप में की गयी है. 21 वर्षीय इमराना बीबी की भी मौत हुई है.
स्थानीय लोगों के सहयोग से सभी को कामाख्यागुड़ी अस्पताल ले जाया गया, जहां उक्त पांचों को मृत बताया गया. गंभीर रूप से घायल और 7 लोगों को अलीपुरद्वार जिला अस्पताल में भर्ती करवाया गया है. घटना को लेकर इलाके में मातम है.
