पुरुलिया. रघुनाथपुर विधानसभा क्षेत्र के भाजपा विधायक विवेकानंद बाउरी ने नितुरिया थाने की पुलिस पर गंभीर आरोप लगाया. अपने आरोप के समर्थन में विधायक ने सोशल मीडिया में एक वीडियो साझा किया है. इल्जाम लगाया है कि इस थाने की पुलिस वसूली में लगी है. इसे लेकर चुनावी माहौल में राजनीति गरमा गयी है. हालांकि उक्त वीडियो सही है या नहीं, इसकी प्रभात खबर पुष्टि नहीं करता. वायरल वीडियो में विधायक नीतूरिया थाने के चेकपोस्ट पर पुलिस के खिलाफ वसूली का आरोप लगाते हुए देखे-सुने जा सकते हैं. वीडियो फुटेज में विधायक को नीतूरिया थाने में जाकर एक अधिकारी से शिकायत करते हुए भी देखा जा सकता है. इस बाबत विधायक विवेकानंद बाउरी ने बताया कि गुरुवार रात वह भाजपा के कार्यक्रम के बाद रघुनाथपुर लौट रहे थे. रास्ते में नितूरिया थाना चेकपोस्ट पर वह 40 मिनट रुके थे. उस दौरान उन्होंने देखा कि पुलिसवाले गैरकानूनी ढंग से रसीद दिये बगैर कुछ वाहनों से रुपये वसूल रहे हैं. इसकी जानकारी उन्होंने नितुरिया थाना को दी. लेकिन थाने में उनकी शिकायत नहीं ली गयी है. इस बाबत पूछने पर तृणमूल के जिलाध्यक्ष सोमेन बेलथोडिया ने कहा कि भाजपा विधायक सुर्खियों में आने के लिए यह सब कर रहे हैं. इससे उन्हें कुछ नहीं मिलेगा.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
