बिहार के बांका से लापता वृद्धा हावड़ा में मिली

बिहार के बांका से लापता हुई एक वृद्धा अपने परिजनों को मिल गयी

हावड़ा. गोलाबाड़ी थाना और हैम रेडियो की तत्परता से बिहार के बांका से लापता हुई एक वृद्धा अपने परिजनों को मिल गयी. वृद्धा का नाम सजमू निशा (90) है. वह बांका जिले के अमरपुर के सुल्तानपुर गांव की रहने वाली हैं. हैम रेडियो के सचिव अंबरीश नाग विश्वास ने बताया कि वृद्धा को परिजनों के हवाले कर दिया गया. अपनी दादी और नानी को देखकर परिवार के सदस्य काफी खुश हुए. पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 18 अप्रैल को वृद्धा को गोलाबाड़ी थाना अंतर्गत पानी टंकी के पास देखा गया. बीमार हालत में देखकर स्थानीय लोगों ने उनसे पूछताछ शुरू की, लेकिन वह कुछ भी बताने में असमर्थ थीं. खबर मिलते ही पुलिस पहुंची. वृद्धा को हावड़ा जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया. तबीयत में सुधार तो हुआ, लेकिन वह अपना नाम और पता नहीं बता सकी. इसी बीच पुलिस ने हैम रेडियो से संपर्क साधा. खोजबीन के दौरान हैम रेडियो के सदस्यों को पता चला कि वृद्धा बिहार के बांका जिले के सुल्तानपुर गांव की रहने वाली हैं. बांका पुलिस से संपर्क कर वृद्धा के परिजनों को खबर दी गयी. परिजन शनिवार को हावड़ा पहुंचे और सजमू निशा को घर लेकर चले गये.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar News Desk

यह प्रभात खबर का न्यूज डेस्क है। इसमें बिहार-झारखंड-ओडिशा-दिल्‍ली समेत प्रभात खबर के विशाल ग्राउंड नेटवर्क के रिपोर्ट्स के जरिए भेजी खबरों का प्रकाशन होता है।

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >