बीएसएफ के वाहनों में की गयी तोड़फोड़
प्रतिनिधि, कल्याणी.
बीएसएफ पर एक बार फिर हमला किये जाने का मामला सामने आया है. इस बार नदिया जिले के कृष्णगंज में फेंसिडिल के बरामदगी के ऑपरेशन के दौरान महिलाओं ने जवानों पर हमला कर दिया. उल्लेखनीय है कि बीएसएफ को सूचना मिली थी कि कृष्णगंज के मथुरापुर के नदी पंप में प्रतिबंधित दवाएं रखी हुई हैं. आरोप है कि जब वे इसे बरामद करने गये तो महिलाएं सामने आ गयीं और उनकी कार में भी तोड़फोड़ की गयी.
बीएसएफ ने कृष्णगंज थाने में 10 लोगों के खिलाफ शिकायत दर्ज करायी है. पुलिस मामले की जांच कर रही है. बीएसएफ पर हमले के सिलसिले में अभी तक किसी की गिरफ्तारी नहीं हो सकी है. गौरतलब है कि कुछ दिन पहले कृष्णगंज के मजदिया इलाके में बीएसएफ को एक बंकर मिला था. वहां से भारी मात्रा में फेंसिडिल बरामद किया गया था. बंकर अवैध दवाओं से भरा पड़ा था. बीएसएफ को पता चला कि बांग्लादेश में तस्करी के लिए इसका भंडारण किया जा रहा था. अब शनिवार को बीएसएफ को गुप्त सूत्रों से सूचना मिली कि मथुरापुर इलाके में नदी पंप के अंदर तस्करी के लिए भारी मात्रा में फेंसिडिल रखा हुआ है. खबर मिलने के बाद बीएसएफ जवानों ने सोमवार को वहां छापेमारी की योजना बनायी. लेकिन आरोप है कि इलाके की महिलाओं ने उन्हें देखते ही हमला कर दिया. बीएसएफ का आरोप है कि महिलाएं आगे की पंक्ति में थीं, जबकि इलाके के अपराधी पीछे की पंक्ति में थे. सबसे पहले उपद्रवियों ने बीएसएफ की गाड़ी में तोड़फोड़ की.
घटना की जानकारी मिलने पर सीमा प्रहरियों की एक बड़ी टीम वहां पहुंची. बीएसएफ की ओर से कृष्णगंज थाने में मथुरापुर इलाके के 10 लोगों के नाम से शिकायत दर्ज करायी गयी है. कृष्णगंज थाने की पुलिस जांच कर रही है. माना जा रहा है कि इस घटना के बाद बांग्लादेश सीमा के पास नदिया जिले के कृष्णगंज में सक्रिय तस्करी का मामला स्पष्ट हो गया. पुलिस उस चक्र को तोड़ने के लिए कदम उठा रही है.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
