WB Weather Forecast: पश्चिम बंगाल में मौसम बदल रहा है. बंगाल की खाड़ी के उत्तर-पश्चिम और उससे सटे उत्तरी ओडिशा के साथ-साथ पश्चिम बंगाल के तटीय इलाकों में बना लो प्रेशर एरिया अब और मजबूत होकर वेल-मार्क्ड लो प्रेशर एरिया में तब्दील हो चुका है. इसका असर आने वाले दिनों में बंगाल में देखने को मिलेगा. भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने यह जानकारी दी है.
मानसूनी गतिविधियों में आयी जबर्दस्त तेजी : आईएमडी
मौसम विभाग के मुताबिक, पश्चिम बंगाल में मानसूनी गतिविधियों में जबर्दस्त तेजी देखने को मिल रही है. इसके असर से कई जिलों में भारी से बहुत भारी बारिश होने की संभावना है. इसलिए लोगों को सतर्क और सावधान रहने की जरूरत है. क्षेत्रीय मौसम विज्ञान केंद्र (अलीपुर) ने प्रभात खबर (prabhatkhabar.com) से बातचीत में कहा कि अभी लोगों को वर्षा से राहत मिलने की उम्मीद नहीं है.
ये भी पढ़ें: बंगाल की खाड़ी में लो प्रेशर, मौसम विभाग ने जारी किया ऑरेंज अलर्ट, होगी भारी से बहुत भारी वर्षा
किस दिन कैसा रहेगा मौसम, यहां जानें
मौसम विभाग ने 17 जुलाई से 22 जुलाई तक के लिए राज्य के उत्तर और दक्षिण बंगाल के जिलों के लिए तिथि-वार (Day-wise) मौसम का हाल जारी किया है. आप भी जान लें.
- 17 जुलाई 2026 को दक्षिण बंगाल के अधिकांश जिलों में हल्के से मध्यम दर्जे की वर्षा होगी. पुरुलिया, बांकुड़ा और झारग्राम जिलों में एक-दो स्थानों पर भारी बारिश (07-11 सेमी) का अनुमान है. पूर्व मेदिनीपुर, पश्चिम मेदिनीपुर, दक्षिण 24 परगना और झारग्राम में 40-50 किमी/घंटा और बाकी जिलों में 30-40 किमी/घंटा की रफ्तार से हवाएं चलेंगी.
- 17 जुलाई 2026 को उत्तर बंगाल के दार्जिलिंग, कलिम्पोंग, जलपाईगुड़ी और अलीपुरदुआर जिलों में एक-दो जगहों पर भारी बारिश (07-11 सेमी) और सभी जिलों में वज्रपात का अलर्ट है.
- 18 जुलाई 2026 को दक्षिण बंगाल में कई स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश होगी. पुरुलिया, बांकुड़ा, पश्चिम बर्धमान, झारग्राम, पूर्व-पश्चिम मेदिनीपुर और दक्षिण 24 परगना में 30-40 किमी/घंटा की गति से आंधी-तूफान व बिजली चमकने की आशंका है.
- 18 जुलाई 2026 को उत्तर बंगाल में बारिश का जोर बढ़ेगा. जलपाईगुड़ी और अलीपुरदुआर जिलों में अत्यंत भारी बारिश (07-20 सेमी) हो सकती है. दार्जिलिंग, कलिम्पोंग और कूचबिहार में भारी बारिश (07-11 सेमी) का अलर्ट है.
- 19 जुलाई 2026 को दक्षिण बंगाल के अधिकांश हिस्सों में हल्की से मध्यम वर्षा होगी. पुरुलिया, बांकुड़ा, पश्चिम बर्धमान, झारग्राम, पश्चिम मेदिनीपुर और बीरभूम में गरज-चमक के साथ 30-40 किमी/घंटा की हवाएं चलने की संभावना है.
- 19 जुलाई 2026 को उत्तर बंगाल के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है. जलपाईगुड़ी, अलीपुरदुआर, कलिम्पोंग, कूचबिहार और दार्जिलिंग जिलों में एक या दो स्थानों पर अत्यंत भारी वर्षा (07-20 सेमी) का अलर्ट जारी किया गया है.
- 20 जुलाई 2026 को दक्षिण बंगाल के सभी जिलों में गरज के साथ हल्के से मध्यम दर्जे की वर्षा और 30-40 किमी/घंटा की रफ्तार से हवाएं चलने का अनुमान है.
- 20 जुलाई 2026 को उत्तर बंगाल के उत्तरी जिलों में मूसलाधार बारिश का सिलसिला जारी रहेगा. कई इलाकों में अत्यंत भारी बारिश (07-20 सेमी) का कहर देखने को मिल सकता है.
- 21 एवं 22 जुलाई 2026 को दक्षिण बंगाल के कई इलाकों में हल्की से मध्यम वर्षा और गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ने की संभावना है.
ये भी पढ़ें: दक्षिण बंगाल के बांकुड़ा और पश्चिम बर्धमान में जमकर बरसा मानसून, जानें कहां कितनी वर्षा हुई
संभावित प्रभाव और सावधानियां
- निचले इलाकों और अंडरपास में अस्थायी रूप से पानी भर सकता है.
- उत्तर बंगाल के पहाड़ी जिलों (दार्जिलिंग व कलिम्पोंग) में भारी बारिश के कारण चट्टानें और मिट्टी धंसने का जोखिम रहेगा.
- भारी वर्षा की वजह से खड़ी फसलों और बागवानी को नुकसान पहुंचने की संभावना है.
- खराब मौसम के समय सुरक्षित स्थानों पर रहें, बिजली के खंभों व पेड़ों के नीचे खड़े न हों और आंधी-तूफान के समय यात्रा से बचें.
ये भी पढ़ें: बंगाल का मौसम : दार्जिलिंग में हुई झमाझम वर्षा, बागडोगरा रहा सबसे गर्म, जानें कोलकाता सहित अपने शहर का हाल
