Bengal Food Safety Raid Kolkata Park Street: पश्चिम बंगाल में खाने-पीने की चीजों में मिलावट और घटिया गुणवत्ता पर नकेल कसने के लिए राज्य सरकार की प्रवर्तन शाखा (Enforcement Branch) ने बड़े पैमाने पर अभियान शुरू किया है. रविवार (6 सितंबर) को पुलिस और प्रशासन की विशेष टीमों ने राज्यभर के दर्जनों रेस्तरां, ढाबों और खाने-पीने की दुकानों पर अचानक छापेमारी की. इस कार्रवाई का मुख्य उद्देश्य खाद्य सुरक्षा (Food Safety) नियमों और दिशा-निर्देशों का सख्ती से पालन सुनिश्चित कराना है.
पार्क स्ट्रीट के नामी रेस्तरां के किचेन तक पहुंचे अधिकारी
अभियान के तहत कोलकाता के सबसे पॉश इलाके पार्क स्ट्रीट (Park Street) में कई प्रमुख और प्रसिद्ध रेस्तरां की रसोइयों (Kitchens) की बारीकी से जांच की गयी. इसके अलावा, उत्तर बंगाल के जलपाईगुड़ी से लेकर राज्य के दक्षिणी सिरे कांथी तक पूरे बंगाल में यह अभियान चलाया गया.
जलपाईगुड़ी में भी चला अभियान
जलपाईगुड़ी जिले में भी इस तरह के अभियान चलाये गये. एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि खाद्य सुरक्षा नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा.
उपभोक्ता सुरक्षा सप्ताह के तहत सख्त कदम
एनफोर्समेंट ब्रांच की यह कार्रवाई 1 सितंबर को ‘उपभोक्ता सुरक्षा सप्ताह’ (Consumer Protection Week) की शुरुआत के बाद की गयी है. राज्य सरकार खाद्य पदार्थों, स्नैक्स और मिठाइयों में की जाने वाली मिलावट के साथ-साथ हानिकारक ‘नॉन-फूड-ग्रेड’ रंगों (Non-Food-Grade Colors) के इस्तेमाल के खिलाफ सख्त रुख अपनाया है.
महंगे रेस्तरां से फूड स्टॉल तक की जांच
अधिकारियों का कहना है कि खाद्य कारोबार पूरी तरह से साफ-सुथरे, पारदर्शी और हाइजीनिक तरीके से चलाया जाना चाहिए. अभियान के दौरान महंगे रेस्तरां से लेकर सड़क किनारे लगने वाले स्ट्रीट फूड स्टॉल्स तक की जांच की जा रही है.
