मुख्य बातें
Vidyasagar Setu: कोलकाता. कोलकाता पुलिस ने विद्यासागर सेतु को लेकर जारी यातायात प्रतिबंध संबंधी आदेश वापस ले लिया है. प्रशासनिक कारणों का हवाला देते हुए पुलिस ने स्पष्ट किया है कि अब 17 मई यानी रविवार को प्रस्तावित मरम्मत और पुनर्वास कार्य के लिए सेतु पर किसी प्रकार का यातायात प्रतिबंध लागू नहीं होगा. इसके साथ ही विद्यासागर सेतु और उससे जुड़े सभी रैंपों पर सामान्य रूप से वाहनों की आवाजाही जारी रहेगी.
पहले रविवार को यातायात बंद रखने का था आदेश
कोलकाता पुलिस की ओर से जारी अधिसूचना में बताया गया कि इससे पहले 14 मई को जारी आदेश के तहत 17 मई की सुबह पांच बजे से रात नौ बजे तक विद्यासागर सेतु को बंद रखने का निर्णय लिया गया था. यह कदम सेतु पर मरम्मत और पुनर्वास कार्य को ध्यान में रखते हुए उठाया गया था. उस आदेश के अनुसार भारी संख्या में वाहनों के लिए मार्ग परिवर्तन और यातायात नियंत्रण की व्यवस्था भी की गयी थी. हालांकि, शुक्रवार देर रात कोलकाता पुलिस मुख्यालय की ओर से नयी अधिसूचना जारी कर कहा गया कि पूर्व में जारी आदेश को तत्काल प्रभाव से निरस्त किया जा रहा है.
पश्चिम बंगाल की अन्य महत्वपूर्ण खबरों को पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
फिलहाल मरम्मत कार्य नहीं
अधिसूचना में कहा गया है कि प्रशासनिक कारणों से फिलहाल मरम्मत कार्य से जुड़ी सभी यातायात पाबंदियां और मार्ग परिवर्तन स्थगित कर दिये गये हैं. अगले आदेश तक सेतु पर सामान्य यातायात व्यवस्था लागू रहेगी. कोलकाता पुलिस आयुक्त अजय नंद ने आदेश पर हस्ताक्षर करते हुए कहा कि यह निर्देश तत्काल प्रभाव से लागू होगा. ऐसे में रविवार को विद्यासागर सेतु से गुजरने वाले यात्रियों, निजी वाहनों, मालवाहक गाड़ियों और सार्वजनिक परिवहन को किसी अतिरिक्त प्रतिबंध का सामना नहीं करना पड़ेगा.
