अस्पताल में मरीज की मौत के बाद हंगामा, जांच कमेटी गठित

आमता के जयपुर बीबी धर ग्रामीण अस्पताल में मरीज की मौत के बाद परिजनों ने जमकर हंगामा मचाते हुए प्रदर्शन किया

डॉक्टर पर इलाज नहीं करने का आरोप

संवाददाता, हावड़ा.

आमता के जयपुर बीबी धर ग्रामीण अस्पताल में मरीज की मौत के बाद परिजनों ने जमकर हंगामा मचाते हुए प्रदर्शन किया. घटना की खबर पाकर पुलिस पहुंची और स्थिति को काबू में किया. परिजनों ने मरीज की मौत के लिए इलाज में लापरवाही को जिम्मेवार ठहराया है. मृतक का नाम बदन दोलई है. मृतक के परिजनों ने डॉक्टर के खिलाफ थाने में शिकायत दर्ज करायी है. साथ ही अस्पताल अधीक्षक को भी घटना से अवगत कराया है. घटना की जांच के लिए तीन सदस्यीय समिति का गठन किया गया है.

जानकारी के अनुसार, रविवार सुबह जयपुर थाना अंतर्गत कांकरोल इलाके के रहने वाले बदन दोलई को अस्पताल में भर्ती कराया गया. उसे पेशाब में इन्फेक्शन था. शाम को करीब सात बजे मरीज को पेट में दर्द और उल्टी होने लगी.

परिजनों ने नर्स और डॉक्टरों को तबीयत बिगड़ने की जानकारी दी, लेकिन आरोप है कि मरीज का इलाज नहीं किया गया. रविवार रात को मरीज की मौत हो गयी. घटना की खबर मिलते ही सोमवार सुबह परिजन अस्पताल पहुंचे और हंगामा शुरू कर दिया. अस्पताल अधीक्षक सुकांत विश्वास ने कहा कि उन्हें लिखित शिकायत मिली है. परिजनों ने आरोप लगाया है कि मरीज की मौत इलाज में लापरवाही के कारण हुई है. मामले की जांच के लिए तीन सदस्यीय समिति गठित की गयी है. रिपोर्ट मिलने के बाद आगे की कार्रवाई की जायेगी.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar News Desk

यह प्रभात खबर का न्यूज डेस्क है। इसमें बिहार-झारखंड-ओडिशा-दिल्‍ली समेत प्रभात खबर के विशाल ग्राउंड नेटवर्क के रिपोर्ट्स के जरिए भेजी खबरों का प्रकाशन होता है।

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >