सिर पर ईंट से वार कर तृणमूल कांग्रेस कार्यकर्ता की हत्या

कल्याणी एक्सप्रेसवे के पास खाल में मिला क्षत-विक्षत शव

मामले में दो आरोपी गिरफ्तार पुलिस कर रही पूछताछ बैरकपुर. जगदल थाना अंतर्गत कल्याणी एक्सप्रेसवे के पास शनिवार सुबह एक खाल से तृणमूल कार्यकर्ता का रक्तरंजित शव मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया. मृतक के सिर पर ईंट से वार किया गया था. पुलिस ने मामले को हत्या मानते हुए जांच शुरू कर दी है. मृतक की पहचान इश्तियाक कुरैशी उर्फ हीरा (40) के रूप में हुई है. वह भाटपाड़ा थाना क्षेत्र के मानिकपीड़ का निवासी था और पेशे से मांस व्यवसायी था. शुक्रवार रात से लापता था. शनिवार सुबह केउटिया मोड़ के पास स्थानीय लोगों ने खाल में शव देखा और पुलिस को खबर दी. शव क्षत-विक्षत हालत में था. शिकायत के आधार पर जगदल थाने की पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज किया है. पुलिस ने राशिद कलीम उर्फ पिंटू और झंटु मिस्त्री उर्फ मंडल नामक दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है. उनसे पूछताछ की जा रही है. उधर, घटना के बाद इलाके में राजनीतिक सरगर्मी बढ़ गयी. भाटपाड़ा नगरपालिका के वाइस चेयरमैन व तृणमूल नेता देव ज्योति घोष ने कहा कि यह हत्या की घटना है. पुलिस को जांच कर दोषियों को कड़ी सजा दिलानी चाहिए. बैरकपुर के पूर्व भाजपा सांसद अर्जुन सिंह ने आरोप लगाया कि इसके पीछे तृणमूल का एक बड़ा स्पॉन्सर है, जो पेशे से प्रमोटर है. मृतक से मकान खाली कराने के लिए उसने ही फोन कर बुलाया और हत्या करवा दी. वहीं, पुलिस ने बताया कि मामले की गहन जांच चल रही है. हत्या के पीछे निजी रंजिश या राजनीतिक कारण दोनों ही पहलुओं पर जांच हो रही है. दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है. इलाके में तनाव को देखते हुए अतिरिक्त सतर्कता बरती जा रही है.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: GANESH MAHTO

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.

Read More

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >