खड़गपुर. पश्चिम मेदिनीपुर जिले के डेबरा क्षेत्र में आवास योजना की राशि से कथित ‘कटमनी’ लेने का मामला सामने आया है. एक दिहाड़ी मजदूर ने स्थानीय तृणमूल कांग्रेस नेता पर भय दिखाकर आठ हजार रुपये वसूलने का आरोप लगाया है. प्रशासन ने मामले की जांच का आश्वासन दिया है. प्रशासनिक सूत्रों के अनुसार, डेबरा ब्लॉक के डुआ-1 ग्राम पंचायत अंतर्गत इस्लामपुर निवासी इल्यास खान के बैंक खाते में हाल ही में ‘बांग्लार बाड़ी’ (आवास योजना) की पहली किस्त के रूप में 60 हजार रुपये जमा हुए थे. आरोप है कि राशि खाते में आते ही स्थानीय ग्राम पंचायत सदस्य रेहेना बीबी के पति तथा डेबरा ब्लॉक युवा तृणमूल कांग्रेस के सह-सभापति शेख सायरुल अली उनके घर पहुंचे और भय दिखाकर तीन चरणों में कुल आठ हजार रुपये ले गये. इल्यास खान का आरोप है कि न केवल उनसे, बल्कि अन्य लाभुकों से भी पैसे लिये गये हैं. उनका कहना है कि आरोपियों ने धमकी दी कि यदि आगे पैसे नहीं दिये गये, तो योजना की अगली किस्त खाते में नहीं आयेगी. बार-बार दबाव डाले जाने से परेशान होकर उन्होंने बीडीओ कार्यालय में लिखित शिकायत दर्ज करायी. इस संबंध में डेबरा के बीडीओ प्रियब्रत राढ़ी ने कहा कि शिकायत प्राप्त हुई है और मामले की जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जायेगी. वहीं, शेख सायरुल अली ने आरोपों को निराधार और राजनीतिक साजिश करार दिया. उन्होंने कहा कि ब्लॉक युवा सह-सभापति बनने के बाद कुछ लोग उनके खिलाफ षड्यंत्र कर रहे हैं. उनका दावा है कि उन्होंने केवल लाभुकों को पंचायत की अनुमति लेकर घर निर्माण शुरू करने की सलाह दी थी. मामले पर प्रतिक्रिया देते हुए घाटाल सांगठनिक जिला भाजपा अध्यक्ष तन्मय दास ने आरोप लगाया कि तृणमूल नेताओं द्वारा ‘कटमनी’ लेना नयी बात नहीं है. दूसरी ओर, घाटाल सांगठनिक जिला तृणमूल अध्यक्ष अजीत माइती ने कहा कि यदि शिकायत सही पायी जाती है, तो दोषी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जायेगी. किसी आरोपी को बख्शा नहीं जायेगा.
तृणमूल नेता पर आठ हजार रुपये लेने का लगा आरोप
दिहाड़ी मजदूर ने बीडीओ कार्यालय में दी लिखित शिकायत
