मंदारमणि बीच पर हादसा: लहरों में गायब हुआ 11 साल का बच्चा, समुद्र में बहे कपल की तलाश में जुटी पुलिस

मंदारमणि बीच पर हाई टाइड ने मचाया तांडव. 11 साल के बच्चे की मौत, एक विवाहित जोड़ा लहरों में बह गया. पुलिस और गोताखोर लापता दंपत्ति की तलाश में जुटे.

मंदारमणि से रंजन मैत्री की रिपोर्ट

पश्चिम बंगाल के प्रसिद्ध पर्यटक स्थल मंदारमणि के समुद्र तट पर सोमवार दोपहर एक बड़ा हादसा हो गया. समुद्र में नहाने के दौरान तेज लहरों की चपेट में आने से 11 साल के एक बच्चे की डूबने से मौत हो गई, जबकि एक शादीशुदा जोड़ा (कपल) पानी के तेज बहाव में बह गया. पुलिस और स्थानीय गोताखोर लापता दंपत्ति की तलाश में लगातार अभियान चला रहे हैं. मृतक बच्चे का शव समुद्र से बरामद कर लिया गया है.

हाई टाइड के दौरान हादसा

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार यह दुर्घटना सोमवार दोपहर मंदारमणि के जेट्टी नंबर 3 पर उस समय हुई, जब समुद्र में हाई टाइड (उच्च ज्वार) आया हुआ था. नादिया जिले के रहने वाले दो परिवार मंदारमणि घूमने आए थे. परिजनों ने 11 वर्षीय बच्चे सोमनाथ हलधर को किनारे पर बैठा दिया और खुद समुद्र में नहाने चले गए.

इसी बीच परिजनों की नजर हटते ही बच्चा पानी की ओर चला गया और तेज लहरों में समा गया. जब तक परिजन वापस लौटे, बच्चा गायब हो चुका था. थोड़ी देर बाद उसका शव पानी में तैरता हुआ मिला. इसी दौरान नहा रहे सुमन शील (23) और उनकी पत्नी ब्रिष्टि शील (19) भी अचानक उफनती लहरों के बीच बह गए.

पश्चिम बंगाल की अन्य महत्वपूर्ण खबरों को पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें

नदिया के रहने वाले हैं पीड़ित परिवार

घटना की सूचना मिलते ही मंदारमणि थाना पुलिस और कोस्ट गार्ड की टीम मौके पर पहुंची. पुलिस ने बताया कि मृतक सोमनाथ हलधर और लापता कपल मूल रूप से नादिया जिले के कृष्णगंज और शांतिपुर पुलिस स्टेशन क्षेत्र के रहने वाले हैं. यह परिवार काम के सिलसिले में पिछले कुछ समय से दीघा में रह रहा था और छुट्टी मनाने मंदारमणि आया था.

मंदारमणि थाना पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि हाई टाइड के दौरान समुद्र में जाना काफी जोखिम भरा होता है. बच्चे का शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है. लापता सुमन शील और ब्रिष्टि शील को खोजने के लिए स्पीड बोस्ट और गोताखोरों की मदद से रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया जा रहा है.

Also Read: बंगाल में होगी जाति प्रमाणपत्रों की जांच, अब तक 45,000 लोग संदिग्ध सूची में

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By आशीष झा

डिजिटल पत्रकारिता के क्षेत्र में 10 वर्षों का अनुभव. लगातार कुछ अलग और बेहतर करने के साथ हर दिन कुछ न कुछ सीखने की कोशिश. वर्तमान में बंगाल में कार्यरत. बंगाल की सामाजिक-राजनीतिक नब्ज को टटोलने के लिए प्रयासरत. देश-विदेश की घटनाओं और किस्से-कहानियों में विशेष रुचि. डिजिटल मीडिया के नए ट्रेंड्स, टूल्स और नैरेटिव स्टाइल्स को सीखने की चाहत.

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >