प्रतिनिधि, हुगली.
कोन्नगर नगरपालिका, कानाईपुर ग्राम पंचायत और नवग्राम ग्राम पंचायत में टोटो के बढ़ते तादाद से लोग परेशान हैं. टोटो की बढ़ती संख्या के कारण इन इलाकों में ट्रैफिक जाम की समस्या गंभीर होती जा रही है. ऑफिस जाने वाले लोग, स्कूली छात्र और राहगीर इससे प्रभावित हो रहे हैं. खास बात यह है कि कानाईपुर में खुद परिवहन मंत्री के घर की सड़क पर भी जाम लग रहा है. इस समस्या से स्थानीय निवासियों में गहरा आक्रोश है.
कोन्नगर नगरपालिका के चेयरमैन स्वपन दास ने स्वीकार किया है कि कुछ टोटो अवैध रूप से चल रहे हैं. नगरपालिका के सूत्रों के अनुसार शहर की सड़कों पर लगभग 4500 टोटो चल रहे हैं, लेकिन इनमें से केवल 350 के पास ही वैध कागजात हैं.
बाकी टोटो किसके आदेश पर सड़कों पर चल रहे हैं, इसकी कोई जानकारी नहीं है. चेयरमैन स्वपन दास ने कहा- हमने केवल 350 टोटो के कागजात प्राप्त किये हैं, जो जिलाधिकारी को भेज दिये गये हैं. लेकिन कोन्ननगर क्षेत्र में लगभग 4500 टोटो चल रहे हैं. अवैध टोटो किसकी अनुमति से सड़कों पर उतर रहे हैं, यह अज्ञात है. नगरपालिका किसी भी अवैध टोटो का समर्थन नहीं करती है. भविष्य में सरकार के निर्देश के अनुसार कार्रवाई की जायेगी.
कानाईपुर ग्राम पंचायत में भी रोजाना ट्रैफिक जाम की समस्या बनी रहती है. पंचायत उपप्रधान भवेश घोष ने कहा- कानाईपुर पंचायत में टोटो काफी हद तक नियंत्रण में है. नये टोटो की अनुमति नहीं दी जा रही है. हालांकि, स्टेशन क्षेत्र के आसपास भीड़भाड़ के कारण जाम की समस्या है.
नवग्राम पंचायत में भी हजारों टोटो चल रहे हैं, लेकिन बहुत कम के पास वैध कागजात हैं. पंचायत उपप्रधान अलोक पाल ने कहा- पंचायत ने टोटो के कागजात जमा किये हैं और अब किसी नये टोटो को अनुमति नहीं दी जा रही है. उन्होंने आरोप लगाया कि स्थानीय तृणमूल कार्यालय से भी कई बार टोटो की अनुमति दी जाती है, जिसकी जानकारी पंचायत को नहीं होती है. अवैध टोटो पर नियंत्रण के लिए उन्होंने पुलिस की मदद मांगी थी, लेकिन कोई सहायता नहीं मिली.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
