TMC Complaint Against Suvendu Adhikari: बंगाल चुनाव 2026 के पहले चरण के मतदान से ठीक पहले राजनीतिक सरगर्मी तेज है. सत्ताधारी तृणमूल कांग्रेस (TMC) ने भाजपा के कद्दावर नेता और विपक्ष के नेता शुभेंदु अधिकारी के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है. टीएमसी ने राज्य के मुख्य निर्वाचन अधिकारी (CEO West Bengal) के पास औपचारिक शिकायत दर्ज कराते हुए शुभेंदु पर आदर्श चुनाव आचार संहिता (MCC) की धज्जियां उड़ाने का आरोप लगाया है. पार्टी का दावा है कि शुभेंदु ने चुनाव आयोग द्वारा निर्धारित समय सीमा का उल्लंघन कर जनसभा की और प्रशासनिक मशीनरी का दुरुपयोग किया.
1:30 बजे की थी अनुमति, 5 बजे तक चला भाषण
तृणमूल कांग्रेस ने अपनी शिकायत में 20 अप्रैल को दक्षिण 24 परगना के सोनाखाली में हुई एक जनसभा का जिक्र किया है. आरोप है कि सोनाखाली हाई स्कूल मैदान में भाजपा उम्मीदवार तपन दत्ता के समर्थन में आयोजित सभा के लिए दोपहर 1:30 बजे तक की ही अनुमति थी.
आचार संहिता के ‘गंभीर उल्लंघन’ का आरोप
टीएमसी ने कहा कि शुभेंदु अधिकारी का हेलीकॉप्टर तय समय के काफी बाद, दोपहर करीब 3:10 बजे कार्यक्रम स्थल पर उतरा. इसके बाद जनसभा लगभग शाम 5 बजे तक जारी रही. पार्टी ने इसे चुनाव आयोग के निर्देशों और आचार संहिता का ‘गंभीर उल्लंघन’ करार दिया है.
बंगाल की खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
सड़कों को बंद करने और पक्षपात का आरोप
टीएमसी ने केवल समयसीमा ही नहीं, बल्कि पुलिस और केंद्रीय बलों की भूमिका पर भी सवाल उठाये हैं. पार्टी का आरोप है कि शुभेंदु के कार्यक्रम के दौरान पुलिस और केंद्रीय सशस्त्र बलों ने आसपास की सड़कों को ब्लॉक कर दिया. इससे टीएमसी के पहले से स्वीकृत कार्यक्रम बाधित हुए. यह भी कहा है कि ऐसी कार्रवाई सार्वजनिक स्थानों पर एकाधिकार करने जैसी है, जिसकी आचार संहिता के तहत मनाही है.
इसे भी पढ़ें : बंगाल की सबसे लोकप्रिय नेता और मुख्यमंत्री ममता बनर्जी को शुभेंदु अधिकारी ने नंदीग्राम में कैसे दी पटखनी, पढ़ें पूरा विश्लेषण
TMC Complaint Against Suvendu Adhikari: शुभेंदु की साख और TMC की मांग
शुभेंदु अधिकारी इस चुनाव में भाजपा के स्टार प्रचारक हैं. वह खुद नंदीग्राम के साथ-साथ भवानीपुर विधानसभा सीट से भी चुनाव लड़ रहे हैं. टीएमसी ने निर्वाचन आयोग से आग्रह किया है कि नियमों का उल्लंघन करने वाले भाजपा नेताओं और संबंधित अधिकारियों के खिलाफ सख्त कदम उठाये जायें. शुभेंदु अधिकारी या भाजपा ने इस पर कोई आधिकारिक टिप्पणी नहीं की है.
इसे भी पढ़ें
नंदीग्राम में वोट से पहले हाई-वोल्टेज ड्रामा, TMC का आरोप- केंद्रीय बलों ने ग्रामीणों पर किया हमला
