कोलकाता. तिहाड़ जेल से पैरोल पर रिहा होने के बाद फरार चले आ रहे उत्तर प्रदेश के कुख्यात अपराधी मोहम्मद सोहराब को दिल्ली पुलिस की स्पेशल ब्रांच ने तीन दिन के ट्रांजिट रिमांड पर हासिल कर लिया है. मंगलवार रात उसे पार्क स्ट्रीट थाना क्षेत्र के रिपन स्ट्रीट से गिरफ्तार किया गया था. बुधवार को आरोपी को बैंकशाल अदालत में पेश किया गया, जहां दिल्ली ले जाने के लिए ट्रांजिट रिमांड की मांग की गयी. अदालत ने तीन दिनों के लिए रिमांड मंजूर कर दिया. सूत्रों के अनुसार मोहम्मद सोहराब के खिलाफ सात हत्या के मामले सहित डकैती और रंगदारी के कई गंभीर आरोप दर्ज हैं. लखनऊ निवासी सोहराब तिहाड़ जेल में बंद था और इस वर्ष जून में पत्नी की बीमारी का हवाला देकर पैरोल पर बाहर आया था, लेकिन निर्धारित समय पर जेल वापस नहीं लौटा. फरार होने के दौरान वह कोलकाता पहुंचा और एक परिचित के घर में छिपकर रहने लगा. पहचान छिपाने के लिए उसने एप कैब बाइक चालक का काम भी शुरू कर दिया था. अंततः दिल्ली पुलिस ने स्थानीय पुलिस की मदद से उसे पकड़ लिया और अब उसे आगे की कार्रवाई के लिए दिल्ली ले जाया जा रहा है.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
