जनमत से जनाक्रोश में बदल चुकी है तृणमूल के प्रति जनभावना : शमिक

प्रदेश भाजपा अध्यक्ष व राज्यसभा सांसद शमिक भट्टाचार्य ने शुक्रवार को सॉल्टलेक स्थित पार्टी कार्यालय में आयोजित संवाददाता सम्मेलन में कहा कि तृणमूल कांग्रेस के प्रति राज्य के लोगों की भावना अब जनमत से जनाक्रोश में बदल चुकी है.

भाजपा की परिवर्तन यात्रा. 237 विधानसभा क्षेत्रों से गुजर कर 5000 किमी किया भ्रमण

संवाददाता, कोलकाताप्रदेश भाजपा अध्यक्ष व राज्यसभा सांसद शमिक भट्टाचार्य ने शुक्रवार को सॉल्टलेक स्थित पार्टी कार्यालय में आयोजित संवाददाता सम्मेलन में कहा कि तृणमूल कांग्रेस के प्रति राज्य के लोगों की भावना अब जनमत से जनाक्रोश में बदल चुकी है. उन्होंने बताया कि भाजपा की ओर से आयोजित ‘परिवर्तन यात्रा’ सफलतापूर्वक पूरी हो चुकी है. उन्होंने कहा कि एक और दो मार्च को कुल नौ बड़ी जनसभाएं आयोजित की गयी थीं. इसके बाद लगभग 5000 किलोमीटर लंबी परिवर्तन यात्रा पूरी की गयी, जो पश्चिम बंगाल के 237 विधानसभा क्षेत्रों से होकर गुजरी. उनके अनुसार इस यात्रा का राज्यभर में 10 लाख से अधिक लोगों ने स्वागत किया. शमिक भट्टाचार्य ने कहा कि राज्य के लोगों की मुख्य मांग है कि मतदान शांतिपूर्ण ढंग से हो और मतगणना निष्पक्ष तरीके से की जाये. उन्होंने आरोप लगाया कि मुख्यमंत्री ने विभाजनकारी राजनीति की पराकाष्ठा दिखायी है. उनके अनुसार मुख्यमंत्री ने किसी विशेष समुदाय का नाम लिए बिना व्यापक हिंदू समाज को संबोधित किया.

उन्होंने कहा कि पश्चिम बंगाल का गठन हिंदू समाज की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए हुआ था. प्रांतीय विधानसभा में कांग्रेस के सभी हिंदू सदस्यों ने पश्चिम बंगाल के गठन के पक्ष में मतदान किया था, जहां से मुख्यमंत्री की राजनीतिक पृष्ठभूमि भी जुड़ी है. उन्होंने कहा कि कम्युनिस्ट नेता ज्योति बसु और रतनलाल ब्राह्मण ने भी इसके पक्ष में मतदान किया था. बाद में यह कहा गया कि डॉ श्यामा प्रसाद मुखर्जी के कारण ही बंगाल का विभाजन हुआ. प्रदेश भाजपा अध्यक्ष ने आरोप लगाया कि परिवर्तन यात्रा और एसआइआर से जुड़े मुद्दों को लेकर पूरे राज्य में भाजपा कार्यकर्ताओं पर हमले हुए हैं. इसके बावजूद पश्चिम बंगाल के लोगों ने तय कर लिया है कि जितना भी हमला करो, भाजपा ही बंगाल जीतेगी. उन्होंने दावा किया कि किसी भी हमले या भय के सामने बंगाल के लोग झुकने वाले नहीं हैं.

प्रदेश भाजपा अध्यक्ष ने केंद्रीय मंत्री भूपेंद्र यादव के साथ पीएम के सभा स्थल का किया निरीक्षण :

इस बीच केंद्रीय मंत्री भूपेंद्र यादव और प्रदेश भाजपा अध्यक्ष शमिक भट्टाचार्य ने शनिवार को ब्रिगेड परेड मैदान में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की प्रस्तावित सभा स्थल का दौरा कर तैयारियों का जायजा लिया. एलपीजी के मुद्दे पर तृणमूल कांग्रेस की आलोचना करते हुए शमिक भट्टाचार्य ने कहा कि इस विषय पर केंद्र सरकार पहले ही स्पष्ट दिशा-निर्देश दे चुकी है. उन्होंने कहा कि राज्य के लोग मध्य पूर्व की मौजूदा परिस्थितियों से अवगत हैं. पेट्रोलियम मंत्री हरदीप सिंह पुरी पहले ही कह चुके हैं कि प्रधानमंत्री ने कूटनीतिक प्रयासों के जरिए वैकल्पिक मार्ग सुनिश्चित किया है, जिससे भारत को पेट्रोलियम और गैस की आपूर्ति जारी रहेगी. उन्होंने कहा कि जो लोग इन मुद्दों को राजनीतिक टकराव का रूप देने की कोशिश कर रहे हैं, जनता उन्हें पहले ही नकार चुकी है.

सीइसी के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव के मुद्दे को ‘मोशन और इमोशन’ के बीच लड़ाई बतायी :

मुख्य चुनाव आयुक्त (सीइसी) के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव के मुद्दे पर उन्होंने कहा कि तृणमूल कांग्रेस इस प्रस्ताव को लेकर दिल्ली गयी है. उन्होंने इसे ‘मोशन’ और ‘इमोशन’ की लड़ाई बताया. उन्होंने सवाल उठाया कि मुख्यमंत्री यह भावनात्मक राजनीति किसके लिए कर रही हैं? क्या भारतीय बंगाली मुसलमानों के लिए? उन्होंने दावा किया कि पिछले तीन वर्षों में राजनीतिक हत्याओं के 95 प्रतिशत मामलों में मुस्लिम समुदाय प्रभावित हुआ है. उन्होंने आरोप लगाया कि यह संदेश देने की कोशिश की जा रही है कि मुख्यमंत्री के बिना बंगाली मुसलमानों को देश से निकाल दिया जायेगा. उन्होंने कहा कि भाजपा यह सुनिश्चित करेगी कि दुर्गापूजा का विसर्जन और मुहर्रम का जुलूस एक ही सड़क से और एक ही समय पर शांतिपूर्ण ढंग से निकले, यही भारत की संस्कृति है.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Akhilesh kumar singh

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
और पढ़ें
Tags

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >