काशीपुर-घोषबागान से सांतरागाछी स्टेशन तक नयी बस सेवा आज से

काशीपुर-घोषबागान इलाके में लंबे समय से चली आ रही परिवहन समस्या से लोगों को अब राहत मिलने जा रही है. परिवहन विभाग की ओर से गुरुवार से नया सरकारी बस रूट एस-69 शुरू किया जा रहा है, जो घोषबागान से सांतरागाछी स्टेशन तक चलेगा.

कोलकाता.

काशीपुर-घोषबागान इलाके में लंबे समय से चली आ रही परिवहन समस्या से लोगों को अब राहत मिलने जा रही है. परिवहन विभाग की ओर से गुरुवार से नया सरकारी बस रूट एस-69 शुरू किया जा रहा है, जो घोषबागान से सांतरागाछी स्टेशन तक चलेगा. स्थानीय विधायक अतिन घोष और वार्ड नंबर छह की पार्षद सुमन सिंह की पहल से इलाके के लोगों की लंबे समय से चली आ रही मांग पूरी होने जा रही है.

एस-69 बस रूट : बस घोषबागान स्थित ब्रह्मबाबा मंदिर से अपनी यात्रा शुरू करेगी. यह रीजेंट सिनेमा, बीबी बाजार, चिड़िया मोड़ होते हुए टाला ब्रिज पार करेगी और श्यामबाजार, खन्ना मोड़, मानिकतला, राजाबाजार व जगत सिनेमा होते हुए एनआरएस पहुंचेगी. इसके बाद बस जोड़ा गिरजा, मल्लिक बाजार, मिंटो पार्क, एक्साइड मोड़, रवींद्र सदन, पीटीएस, टोल प्लाजा, पद्मपुकुर, बांग्लापाड़ा, बेतड़ और जाना गेट होते हुए सांतरागाछी ब्रिज पार कर सांतरागाछी स्टेशन पहुंचेगी. फिलहाल इस सेवा की शुरुआत चार बसों के साथ की जा रही है. इलाके के लोग लंबे समय से इस बस सेवा की मांग कर रहे थे. उनका कहना है कि बस पकड़ने के लिए उन्हें काफी दूर पैदल चलकर जाना पड़ता था. नया टाला ब्रिज बनने के बाद यह समस्या और बढ़ गयी थी. अब नयी बस सेवा शुरू होने से लोगों में खुशी है. लोगों का कहना है कि इससे स्कूल-कॉलेज जाने वाले छात्रों और कार्यालय जाने वाले लोगों को काफी सुविधा होगी.

क्या कहना है स्थानीय विधायक का: स्थानीय विधायक अतिन घोष ने बताया कि जब नया टाला ब्रिज बनाया गया था, तब उसकी योजना में बस स्टैंड शामिल नहीं किया गया था. बाद में स्थानीय लोगों ने इस पर नाराजगी जतायी थी. पुलिस और परिवहन विभाग ने मिलकर समीक्षा की, जिसमें पाया गया कि यदि नये फोर-लेन ब्रिज पर बस स्टैंड बनाया गया, तो ट्रैफिक जाम और दुर्घटना का खतरा बढ़ सकता है. इसी कारण इस नये बस रूट को विकल्प के तौर पर शुरू करने का निर्णय लिया गया. उन्होंने बताया कि परिवहन मंत्री स्नेहाशीष चक्रवर्ती के सहयोग से करीब डेढ़ साल की कोशिश के बाद यह योजना पूरी हो सकी.

इलाके में रहते हैं करीब 60 हजार लोग

वहीं, पार्षद सुमन सिंह ने कहा कि उनके वार्ड में लगभग 50 से 60 हजार लोग रहते हैं और खासकर स्कूली बच्चों को आने-जाने में काफी दिक्कत हो रही थी. इस संबंध में मुख्यमंत्री को भी पत्र भेजा गया था. उम्मीद है कि नया बस रूट शुरू होने से इलाके के लोगों की परेशानी काफी हद तक कम हो जायेगी.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: BIJAY KUMAR

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.

Tags

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >