Suvendu Adhikari Bhabanipur Campaign: नंदीग्राम के बाद अब कोलकाता की भवानीपुर सीट ‘बैटल ग्राउंड’ बन गयी है. नेता प्रतिपक्ष शुभेंदु अधिकारी ने गुरुवार को भवानीपुर में भाजपा के चुनाव प्रचार का बिगुल फूंक दिया. चकबेरिया रोड पर चुनावी कार्यालय के उद्घाटन और बड़ी रैली करके शुभेंदु अधिकारी ने सीधे मुख्यमंत्री ममता बनर्जी को चुनौती दी. इस दौरान इलाके में टीएमसी और भाजपा समर्थकों के आमने-सामने आने से तनाव भी देखा गया.
भीड़ देख गदगद हुए शुभेंदु, ममता-अभिषेक पर साधा निशाना
प्रचार के पहले दिन पत्रकारों से बात करते हुए शुभेंदु अधिकारी काफी उत्साहित दिखे. उन्होंने कहा कि रैली में उमड़ी भीड़ ‘असाधारण’ है. लोगों की जो प्रतिक्रिया मिली है, उससे उन्हें जीत का पूरा भरोसा है. शुभेंदु ने मुख्यमंत्री पर तीखा प्रहार करते हुए कहा- हमें घुसपैठियों और भ्रष्टाचार के नायकों को सत्ता से बाहर करना होगा. उन्होंने आरोप लगाया कि इलाके के छोटे दुकानदार मुख्यमंत्री के भतीजे (अभिषेक बनर्जी) के उत्पीड़न से परेशान हैं. इसकी शिकायतें लगातार मिल रही हैं.
आमने-सामने आये समर्थक, जॉय बांग्ला बनाम जय श्रीराम के नारे
चकबेरिया रोड उस समय युद्ध क्षेत्र जैसा दिखने लगा, जब भाजपा और टीएमसी के समर्थक आमने-सामने आ गये. कार्यकर्ता शुभेंदु अधिकारी के स्वागत में नारेबाजी और जश्न मना रहे थे. इसी दौरान टीएमसी का पलटवार किया. टीएमसी समर्थकों ने दीवारों पर ‘जॉय बांग्ला’ लिखना जारी रखा और ‘ममता बनर्जी जिंदाबाद’ के नारों से माहौल को गर्माये रखा. किसी अप्रिय घटना को रोकने के लिए भारी संख्या में पुलिस बल की तैनाती की गयी थी.
बंगाल की खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
तापस रॉय ने टीएमसी को दी संयम बरतने की सलाह
हाल ही में टीएमसी छोड़कर भाजपा में शामिल हुए वरिष्ठ नेता तापस रॉय ने सत्ताधारी दल के व्यवहार पर सवाल उठाये. उन्होंने कहा कि जब विपक्ष का कोई बड़ा नेता प्रचार कर रहा हो, तो सत्तारूढ़ दल को अपने कार्यक्रम कुछ समय के लिए टालकर लोकतांत्रिक संयम दिखाना चाहिए था.
इसे भी पढ़ें : बंगाल चुनाव 2026: भवानीपुर समेत 142 विधानसभा सीटों पर 29 अप्रैल को दूसरे चरण में होगी वोटिंग
भवानीपुर के बाद नंदीग्राम की बारी
शुभेंदु अधिकारी का चुनावी कार्यक्रम काफी व्यस्त हो गया है. भवानीपुर में अपनी ताकत दिखाने के बाद वे शाम को अपने गृह क्षेत्र नंदीग्राम चले गये. वहां भी उन्होंने एक बड़ी जनसभा को संबोधित किया. शुभेंदु अधिकारी को 2026 के बंगाल विधानसभा चुनाव में नंदीग्राम और भवानीपर दो सीटों से टिकट दिया गया है.
मुझे उम्मीद है कि भवानीपुर के लोग मुझे स्वीकार करेंगे. बंगाल अब भ्रष्टाचार के नेताओं को और बर्दाश्त नहीं करेगा.
शुभेंदु अधिकारी, नेता प्रतिपक्ष, पश्चिम बंगाल
भवानीपुर का संग्राम
- ममता बनर्जी (TMC) बनाम शुभेंदु अधिकारी (BJP) का हाई-प्रोफाइल मुकाबला
- शुभेंदु अधिकारी ने चकबेरिया रोड में भाजपा के नये चुनाव कार्यालय का उद्घाटन किया
- छोटे दुकानदारों के उत्पीड़न और भ्रष्टाचार को शुभेंदु अधिकारी ने बनाया मुख्य मुद्दा
- टीएमसी और भाजपा कार्यकर्ताओं के बीच जुबानी जंग, सुरक्षा में पुलिस बल तैनात
इसे भी पढ़ें
बंगाल चुनाव 2026: भाजपा ने जारी की 144 उम्मीदवारों की पहली लिस्ट, यहां देखें किसको-कहां से मिला टिकट
बंगाल का रण : ममता बनर्जी की हैट्रिक रोक पायेगी भाजपा? चारों दलों की ताकत और कमजोरी पर पूरी रिपोर्ट
