Birbhum Highest Taxpayer Tulu Mondal: बीरभूम जिले के ‘पत्थर माफिया’ मोहम्मद नजीबुद्दीन उर्फ टूलू मंडल जिले का सबसे बड़े आयकरदाता भी है. उसकी कंपनी को कई जिलों में सड़कें बनाने का ठेका मिलता था. टूलू मंडल के नाम पर चल रही 3 कंपनियों ने एक वित्तीय वर्ष में 40 करोड़ रुपए का इनकम टैक्स दिया था. उसके करीबियों का दावा है कि 5 वर्षों में टूलू मंडल ने 200 करोड़ रुपए से अधिक का इनकम टैक्स चुकाया है.
बंगाल में सरकार बदलने के बाद से टुलू का सुराग नहीं
पश्चिम बंगाल में सत्ता परिवर्तन के बाद से ही टूलू मंडल का कोई सुराग नहीं है. मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने आशंका जतायी है कि वह विदेश भाग गया होगा. जांच के दौरान उनकी अकूत संपत्ति का पता चला है. इसी बीच यह नयी जानकारी सामने आयी है. पुलिस, खुफिया विभाग और आयकर अधिकारी अब इस बात की जांच कर रहे हैं कि इन कंपनियों के जरिये कहां और कैसे वित्तीय लेन-देन किये गये.
ये भी पढ़ें: सरकारी बस के पूर्व ड्राइवर के घर मिले 15 किलो सोना, 5.5 करोड़ रुपए, देखें तस्वीरें
2024-25 में चुकाये थे 11.53 करोड़ टैक्स
मीडिया रिपोर्ट्स और उपलब्ध दस्तावेजों के अनुसार, टुलू मंडल की मुख्य कंपनी ‘मंडल स्टोन प्रोडक्ट प्राइवेट लिमिटेड’ की वित्तीय वर्ष 2024-25 में कुल आय 43.21 करोड़ (43 करोड़ 20 लाख 88 हजार 170 रुपए) थी. इस दौरान कंपनी ने 11 करोड़ 52 लाख 73 हजार 11 रुपए का आयकर चुकाया था.
ये भी पढ़ें: टूलू मंडल के दिहाड़ी मजदूर से पत्थर कारोबार का बेताज बादशाह बनने की पूरी कहानी
2025-26 में कमाई 57.72 करोड़, टैक्स 15.90 करोड़
वित्तीय वर्ष 2025-26 में कंपनी की कमाई बढ़कर 57 करोड़ 71 लाख 55 हजार 460 रुपए हो गयी. इस पर 15 करोड़ 89 लाख 86 हजार 922 रुपए का टैक्स भुगतान किया गया. इसके अलावा टुलू की पत्नी फिरोजा बेगम की कमाई वित्तीय वर्ष 2025-26 में 4 करोड़ 32 लाख 47 हजार 720 रुपए थी. उन्होंने 1 करोड़ 71 लाख 1 हजार 578 रुपए का आयकर जमा किया.
राजनीतिक आरोप-प्रत्यारोप और तीखी बयानबाजी
टूलू मंडल की कंपनियों की कमाई की जानकारी सामने आने के बाद राज्य में राजनीतिक आरोप-प्रत्यारोप का दौर शुरू हो गया है. आईए जानते हैं, भारतीय जनता पार्टी, मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी और तृणमूल कांग्रेस ने इस मुद्दे पर क्या कहा है.
ये भी पढ़ें: बीरभूम : पत्थर कारोबार में घोटाले का आरोप, टुलू मंडल के नेटवर्क की जांच तेज
टुलू के रिश्तेदारों की संपत्ति की भी हो जांच : भाजपा
बीरभूम जिला भाजपा ने मांग की है कि टुलू मंडल के रिश्तेदारों पर भी नजर रखी जानी चाहिए. उनकी संपत्ति की जांच होनी चाहिए, ताकि सरकारी खजाने में राजस्व जमा हो सके. केंद्रीय शिक्षा राज्य मंत्री सुकांत मजूमदार ने कहा कि बिना किसी वैध आय के एक दिहाड़ी मजदूर जिले का सबसे बड़ा टैक्सपेयर बन जाये, तो इस पर ध्यान देने की जरूरत है. पश्चिम बंगाल की भाजपा सरकार ऐसे मामलों पर सख्त कार्रवाई करेगी.
तृणमूल कांग्रेस ने किया पलटवार
तृणमूल कांग्रेस के नेता कुणाल घोष ने कहा कि आयकर विभाग को तो उनकी तस्वीर लगाकर विज्ञापन देना चाहिए था. अगर टुलू मंडल ने इतना बड़ा कारोबार किया है, तो उसकी कमाई का जरिया क्या था, इसकी निगरानी के लिए तमाम एजेंसियां मौजूद हैं. सिर्फ तृणमूल के नेताओं के नाम घसीटने से कुछ हासिल नहीं होगा.
ये भी पढ़ें: टुलू मंडल ने बेटी की शादी पर खर्च किये थे 150 करोड़ रुपए, समधी पर भी गंभीर आरोप
माकपा ने टुलू मंडल पर बोला हमला
माकपा नेता कलतान दासगुप्ता ने कहा कि आयकर देना एक आधिकारिक प्रक्रिया थी, लेकिन अनौपचारिक रूप से उन्होंने जो वसूली की, उससे न जाने कितने लोगों का नुकसान हुआ. जो करोड़ों रुपए और सोना बरामद हुए हैं, वह आम जनता का पैसा है. इसे उन तक वापस पहुंचाने की व्यवस्था होनी चाहिए.
