राज्य में परिवर्तन यात्रा निकालेगी प्रदेश भाजपा

पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव में दो महीने से भी कम समय शेष रहने के बीच राज्य भाजपा ने राज्यव्यापी ‘परिवर्तन यात्रा’ शुरू करने की घोषणा की है.

विधानसभा चुनाव के पहले प्रदेश भाजपा ने प्रचार अभियान को तेज करने की मुहिम शुरू की

संवाददाता, कोलकाता पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव में दो महीने से भी कम समय शेष रहने के बीच राज्य भाजपा ने राज्यव्यापी ‘परिवर्तन यात्रा’ शुरू करने की घोषणा की है. पार्टी का कहना है कि यह अभियान सत्तारूढ़ तृणमूल कांग्रेस के खिलाफ कथित सत्ता-विरोधी माहौल को मजबूत करने की कोशिश है.

भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष शमिक भट्टाचार्य ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में इस पहल को तृणमूल सरकार की घटती प्रासंगिकता के खिलाफ पार्टी के राजनीतिक संघर्ष का अगला चरण बताया. उन्होंने दावा किया कि 34 वर्षों के वाम मोर्चा शासन के बाद लोगों ने लोकतंत्र और विकास की उम्मीद में तृणमूल कांग्रेस को सत्ता सौंपी थी, लेकिन अब तृणमूल पर भ्रष्टाचार के आरोपों और लोकतांत्रिक दायरा सिमटने की शिकायतों के बीच लोगों की निराशा बढ़ रही है. उन्होंने कहा कि पंद्रह साल बाद यह सवाल उठ रहा है कि वास्तव में लोगों को क्या मिला. पार्टी के अनुसार, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा सहित कई वरिष्ठ नेता यात्रा के विभिन्न चरणों में शामिल हो सकते हैं. पश्चिम बंगाल में चुनावी सरगर्मी तेजी होती नजर आ रही है. इस चुनावी संग्राम की तैयार में भारतीय जनता पार्टी कोई कमी नहीं छोड़ रही है.

इसकी तैयारियों को लेकर मंगलवार को सॉल्टलेक में पार्टी के केंद्रीय नेताओं ने प्रदेश स्तर के नेताओं के साथ बैठक की. इस बैठक में राज्य के सभी सांगठनिक जिला अध्यक्षों व प्रत्येक जिले से चार प्रतिनिधियों को बुलाया गया था. इस बैठक में पार्टी राष्ट्रीय महासचिव व बंगाल के केंद्रीय सांगठनिक प्रभारी सुनील बंसल, केंद्रीय मंत्री व बंगाल के चुनाव प्रभारी भूपेंद्र यादव, प्रदेश भाजपा अध्यक्ष शमिक भट्टाचार्य सहित अन्य गणमान्य उपस्थित रहे. सॉल्टलेक स्थित पार्टी कार्यालय में संवाददाता सम्मेलन के दौरान भाजपा ने पश्चिम बंगाल की कानून-व्यवस्था की स्थिति पर आधारित पुस्तक का भी विमोचन किया. पार्टी नेताओं का कहना है कि पुस्तक में राज्य में कानून-व्यवस्था, भ्रष्टाचार, राजनीतिक हिंसा और प्रशासनिक विफलताओं से संबंधित घटनाओं का संकलन किया गया है. उनका दावा है कि इसका उद्देश्य जनता के समक्ष राज्य की वर्तमान स्थिति से जुड़े तथ्यों को प्रस्तुत करना है. भाजपा नेताओं ने कहा कि पार्टी राज्य में सुशासन और लोकतांत्रिक मूल्यों की स्थापना के लिए प्रतिबद्ध है तथा नए सदस्यों के अनुभव और समर्पण से पश्चिम बंगाल में सकारात्मक राजनीतिक परिवर्तन का मार्ग प्रशस्त होगा.

परिवर्तन यात्राएं सभी विधानसभा क्षेत्रों से गुजरेंगी

पार्टी के अनुसार नौ ‘परिवर्तन यात्राएं’ एक और दो मार्च को कूचबिहार, कृष्णानगर, रायदिघी, कुल्टी, इस्लामपुर, संदेशखाली जैसे राजनीतिक रूप से महत्वपूर्ण स्थानों से शुरू होंगी. ‘डोल यात्रा’ के दौरान संक्षिप्त विराम के बाद पांच मार्च से अभियान फिर शुरू होगा. यह यात्रा राज्य के सभी विधानसभा क्षेत्रों से गुजरेगी और पांच हजार किलोमीटर से अधिक की दूरी तय करेगी. इस अभियान में झांकियां, सड़क किनारे सभाएं और स्थानीय जनसंपर्क कार्यक्रम भी शामिल होंगे. मार्च के मध्य में कोलकाता के ब्रिगेड परेड ग्राउंड में एक बड़ी रैली के साथ इसका समापन प्रस्तावित है, जिसे प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी द्वारा संबोधित किए जाने की संभावना जतायी जा रही है.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >