इंजन फेल होने की आशंका पर आपात लैंडिंग, सभी यात्री सुरक्षित
कोलकाता. मुंबई से कोलकाता आ रही स्पाइसजेट के एक विमान में रविवार रात तकनीकी खराबी आने के बाद आपात लैंडिंग करायी गयी. विमान के इंजन में खराबी की सूचना मिलने पर एयर ट्रैफिक कंट्रोल (एटीसी) को सतर्क किया गया. जानकारी के अनुसार, विमान ने नेताजी सुभाष चंद्र बोस अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर सुरक्षित लैंडिंग की. एहतियात के तौर पर अग्निशमन और बचाव दल सहित सभी आपात सेवाओं को तैयार रखा गया था. विमान रात करीब 11:38 बजे सुरक्षित उतर गया, जिसके बाद हवाई अड्डे पर आपात स्थिति हटा ली गयी. सभी यात्री और चालक दल के सदस्य सुरक्षित हैं. अधिकारियों के मुताबिक, कोलकाता पहुंचने से ठीक पहले पायलट ने इंजन में गड़बड़ी महसूस की, जिसके बाद तुरंत एटीसी को सूचना दी गयी और आपात लैंडिंग की अनुमति मांगी गयी.डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
