हुगली. बीते दिनों इवेंट मैनेजमेंट ग्रुप की हेड सुतंद्रा चटर्जी (27) की मौत के मामले में मृतका की मां ने कलकत्ता हाइकोर्ट का रुख किया है. सुतंद्रा की दादी कल्पना चटर्जी ने कहा : न्याय की उम्मीद में ही सुतंद्रा की मां ने हाइकोर्ट का दरवाजा खटखटाया है. गाड़ी में जो लोग सवार थे, उन्हें कुछ नहीं हुआ. केवल सुतंद्रा की ही क्यों मौत हुई. सुतंद्रा अपना फोन बंद नहीं रखती थी. दुर्घटना से पहले भी वह फोन पर बात कर रही थी. ऐसा उसके साथियों ने बताया था. लेकिन जब उसकी मां के हाथ में उसका आइफोन आया, तो वह फ्लाइट मोड में था. क्यों? गाड़ी इतनी तेज रफ्तार से दौड़ रही थी, क्यों? दुर्घटना के समय एयरबैग नहीं खुले. ऐसे कई सवाल हैं, जिनके जवाब अब तक नहीं मिले हैं. गौरतलब है कि गत 24 फरवरी को पश्चिम बर्दवान के कांकसा थाना क्षेत्र के पानागढ़ बाजार राइस मिल रोड पर आधी रात दो कारों में परस्पर आगे निकलने की होड़ से हुए हादसे में हुगली के चंदननगर की रहनेवाली इवेंट मैनेजमेंट ग्रुप की हेड सुतंद्रा चटर्जी की मौत हो गयी थी.मां तनुश्री चटर्जी ने कहा : वह मेरी इकलौती संतान थी. मैं और क्या कह सकती हूं. जिन लोगों ने मेरी बेटी के साथ, हमारे साथ ऐसा किया, उन्हें सजा मिलनी चाहिए. अब उन्होंने हाईकोर्ट का दरवाजा खटखटाया है, ताकि बेटी को न्याय मिल सके. वहीं, दुर्घटना के बाद, पुलिस ने दोनों क्षतिग्रस्त कारों को जब्त कर लिया है. दुर्गापुर सीआइडी की एक टीम ने कांकसा थाना पहुंच कर दोनों कारों का निरीक्षण किया और गिरफ्तारियां भी हुई हैं.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
