मुख्य बातें
Bengal News: मुकेश तिवारी. बीरभूम. पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव 2026 के चल रहे प्रचार अभियान के बीच ही बीरभूम जिले के सिउड़ी थाना इलाके के सिउरी दो प्रखंड के दमदमा पंचायत के दमदमा गांव में बीती रात कथित बदमाशों द्वारा एक जघन्य और शर्मनाक घटना को अंजाम दिए जाने का मामला प्रकाश में आया है. कथित बदमाशों ने गांव में मौजूद मां मनसा मंदिर का ताला तोड़कर मंदिर में मौजूद मां मनसा की प्रतिमा को खंडित कर तालाब के किनारे फेंक दिया है. इतना ही नहीं प्रतिमा पर मौजूद सारे आभूषण चुरा लिये.
गुस्से में लोग, धार्मिक आस्था पर बताया हमला
घटना की सूचना मिलने के बाद मौके पर पहुंची पुलिस घटना स्थल का मुआयना करने के बाद अज्ञात बदमाशों की तलाश में जुट गई है. ग्रामीणों का आरोप है कि विधानसभा चुनाव के माहौल के बीच इस तरह से हिंदू देवी की मंदिर में मौजूद प्रतिमा को खंडित कर आभूषणों कि चोरी कर प्रतिमा को फेंक देना हमारे ऊपर और हमारे धर्म पर आघात है. ग्रामीणों ने कहा कि यह घटना सिर्फ चोरी नहीं है, यह हिंदू धर्म और हमारी आस्था पर सीधा हमला है, मां मनसा का अपमान है.
पश्चिम बंगाल की अन्य महत्वपूर्ण खबरों को पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
भाजपा उम्मीदवार ने घटना की निंदा की
सिउड़ी विधानसभा सीट से खड़े भाजपा प्रार्थी जगन्नाथ चट्टोपाध्याय ने घटना की तीव्र रूप से निंदा की है. उन्होंने साफ कहा कि इस तरह से अपने धर्म, देवी-देवताओं का अपमान कभी भी स्वीकार नहीं किया जा सकता. हम दोषियों की तत्काल गिरफ्तारी और कड़ी सजा की मांग करते हैं. धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाने वाली इस घटना को हम बर्दाश्त नहीं करेंगे. अविलंब दोषियों को पुलिस गिरफ्तार करे.
पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया जायेगा.
Also Read: बंगाल के संदेशखाली में मिला बच्ची के साथ मां का जला हुआ शव, पति हिरासत में
