Purulia Viral Video BJP Candidate| पुरुलिया, हंसराज सिंह : पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव 2026 से 9 दिन पहले पुरुलिया जिले में एक सनसनीखेज वायरल वीडियो ने राजनीतिक तूफान ला दिया है. इस वीडियो में जॉयपुर विधानसभा क्षेत्र से भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के प्रत्याशी विश्वजीत महतो के पिता और आदिवासी कुर्मी समाज के मुख्य सलाहकार अजित प्रसाद महतो को दिखाया गया है. वीडियो की सबसे चौंकाने वाली बात यह है कि अजित महतो के सामने नोटों की गड्डियां रखी जा रहीं हैं. चुनाव के ठीक पहले सामने आये इस वीडियो ने विपक्षी दलों को हमलावर होने का मौका दे दिया है, जबकि महतो परिवार इसे तृणमूल कांग्रेस की सोची-समझी साजिश बता रहा है.
सोशल मीडिया पर तहलका, सवालों के घेरे में अजित महतो
वायरल वीडियो में अजित प्रसाद महतो कुछ लोगों के साथ एक कमरे में बैठे नजर आ रहे हैं. मेज पर नोटों के बंडल रखे हैं. जैसे ही यह वीडियो सार्वजनिक हुआ, सोशल मीडिया पर वायरल हो गया. चूंकि मामला सीधे तौर पर भाजपा प्रत्याशी के परिवार से जुड़ा है, जिला प्रशासन और चुनाव आयोग की टीमें भी सतर्क हो गयीं.
अजित महतो का पलटवार : तृणमूल की साजिश, पुराना है वीडियो
वीडियो पर मचे बवाल के बीच खुद अजित प्रसाद महतो ने सामने आकर सफाई दी है. उन्होंने इसे तृणमूल कांग्रेस (TMC) की गंदी राजनीति का हिस्सा बताया. महतो ने कहा- हम आदिवासी कुर्मी समाज के हक की लड़ाई लड़ते हैं. विभिन्न आंदोलनों और सामाजिक कार्यक्रमों के दौरान काफी पैसा खर्च होता है. यह वीडियो पुराना हो सकता है, जिसे अब चुनाव के समय जान-बूझकर वायरल किया गया है. चुनाव में अपनी हार सुनिश्चित देख तृणमूल कांग्रेस उनके बेटे (भाजपा प्रत्याशी) की छवि खराब करने की कोशिश कर रही है.
बंगाल की खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
पुरुलिया का सियासी पारा हाई
इस घटना के बाद पुरुलिया की राजनीति में आरोप-प्रत्यारोप का दौर शुरू हो गया है. टीएमसी ने मांग की है कि चुनाव आयोग इस मामले की तुरंत जांच करे और पता लगाये कि इतने रुपए कहां से आये और इसका इस्तेमाल चुनाव में वोट खरीदने के लिए तो नहीं किया जाना था. भाजपा कार्यकर्ताओं का कहना है कि यह वीडियो एडीटेड है और प्रत्याशी को बदनाम करने के लिए बंगाल की सत्ताधारी पार्टी का आखिरी हथियार है.
डिस्क्लेमर : प्रभात खबर स्वतंत्र रूप से इस वीडियो की प्रामाणिकता या इसकी तारीख की पुष्टि नहीं करता है.
इसे भी पढ़ें
बंगाल चुनाव 2026: नंदीग्राम से भवानीपुर तक… इन ‘हॉट’ सीट्स पर हार-जीत तय करेगी कौन बनेगा मुख्यमंत्री
बंगाल 2026 चुनाव से पहले Video वायरल, EVM बटन पर ‘इत्र’ का तानाशाही मॉडल?
