प्रमोटर हत्याकांड: हमलावरों को शरण देने के आरोप में तीन गिरफ्तार
गोलाबाड़ी थाना अंतर्गत पिलखाना सेकंड बाइ लेन में बुधवार तड़के प्रमोटर की गोली मारकर हत्या करने के मामले में पुलिस ने तीन लोगों को कोलकाता के जोड़ासांको से गिरफ्तार किया है.
प्रमोटर हत्याकांड: हमलावरों को शरण देने के आरोप में तीन गिरफ्तार
मुख्य आरोपी हारुन और उसका साथी अब भी फरार
संवाददाता, हावड़ा गोलाबाड़ी थाना अंतर्गत पिलखाना सेकंड बाइ लेन में बुधवार तड़के प्रमोटर की गोली मारकर हत्या करने के मामले में पुलिस ने तीन लोगों को कोलकाता के जोड़ासांको से गिरफ्तार किया है. गिरफ्तार आरोपियों के नाम मोहम्मद बिलाल, मोहम्मद वकील और दिलदार हुसैन हैं. तीनों आरोपियों को बुधवार देर रात एक गुप्त ठिकाने से गिरफ्तार किया गया. बताया जा रहा है कि इन आरोपियों ने हत्याकांड में शामिल मुख्य आरोपी हारुन खान और उसके साथियों को शरण दी थी. गुरुवार को भारी सुरक्षा के बीच सभी आरोपियों को हावड़ा के सीजेएम कोर्ट में पेश किया गया, जहां मजिस्ट्रेट ने सभी को आठ दिनों के लिए पुलिस रिमांड में भेज दिया. पुलिस तीनों से पूछताछ कर मामले की जांच में जुटी है.
वहीं, दूसरी ओर इस घटना के मुख्य आरोपी हारुन खान और रफाकत उर्फ रोहित हुसैन अभी भी फरार हैं. गिरफ्तार तीनों आरोपियों को रिमांड पर लेने के बाद पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि आखिर ये दोनों कहां छिपे हैं. वहीं, पुलिस इस बात की भी आशंका जता रही है कि दोनों अफगानिस्तान भाग सकते हैं. इसलिए हावड़ा सिटी पुलिस ने एयरपोर्ट अथॉरिटी को सतर्क कर दिया है. बता दें कि, हारुन मूल रूप से अफगानिस्तान के अबे-बरिक का रहने वाला है. वह पहले काबुल में एक फैक्टरी में काम करता था. वहां आपराधिक काम करने के बाद वह आठ साल पहले पिलखाना चला आया. उसके पिता ब्याज पर रुपये देते थे और वह भी इस कारोबार से जुड़ गया. पुलिस को इस बात का भी शक है कि दोनों फरार आरोपी आस-पास के राज्यों में किसी अफगानी के घर पर छिपे हो सकते हैं.
मुख्य आरोपी के भाई की जमकर पिटाई
घटना के बाद गुस्सायी भीड़ ने मुख्य आरोपी हारुन खान के भाई हुसैन खान की जमकर पिटाई कर दी. उसे गंभीर हालत में हावड़ा अस्पताल में भर्ती कराया गया है. उसकी हालत नाजुक बनी हुई है. उधर, पुलिस आयुक्त आकाश मघारिया ने बताया कि तीन लोगों की गिरफ्तारी अब तक हुई है. हत्यारोपियों हारुन और उसके साथी को इन तीनों ने पनाह दी थी और इन तीनों की मदद से ही दोनों आरोपी वहां से भाग निकले. इनके खिलाफ सबूत मिटाने, हत्या के आरोपी को भागने में मदद करने सहित कई आरोप हैं.
वारदात को अंजाम देने के बाद हत्यारोपी हारुन और रोहित पहुंचे थे जोड़ासांको, की मौज-मस्ती
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, हारुन और रोहित हत्या करने के बाद जोड़ासांको चले गये. यहां पहले से मोहम्मद बिलाल, मोहम्मद वकील और दिलदार हुसैन थे. सभी ने जमकर मौज-मस्ती की. रेड लाइट एरिया से सेक्स वर्कर को बुलाया गया. इसके बाद हारुन ने नया फोन और सिम लिया. इसी बीच पुलिस को खबर मिली कि हारुन जोड़ासांको में छिपा हुआ है. पुलिस ने देर नहीं की. छापा मारने पहुंची, लेकिन इसके पहले हारुन और रोहित वहां से भाग निकले. पुलिस ने बताया कि हारुन, रोहित और शफीक (मृतक) के खिलाफ गोलाबाड़ी थाने में कई शिकायतें दर्ज हैं. शफीक खान करीब चार साल पहले गोलाबाड़ी के किंग्स लेन में हुई गोलीबारी की घटना में आरोपी भी था. इस घटना में वह जेल भी गया था. वहीं, हारुन पर वर्ष 2021 और 2023 में गोलीबारी, घर पर जबरन कब्जा करने और रंगदारी वसूलने के कई मामले दर्ज हैं. रोहित हथियार सप्लाई करने के आरोप में दो बार जेल जा चुका है.
Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.